दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर ली करवट, आसमान में छाये रहेंगे बादल

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। मंगलवार को जहां तेज गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली थी वहीं बुधवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर में मौसम अचानक सुहाना हो गया। सुबह से ही चल रही ठंडी हवाओं की वजह से लोगों को तपिश से काफी राहत मिली है। कई इलाकों में आसमान में बादल भी नजर आए। इससे पहले मौसम विभाग ने अनुमान भी जताया था कि बुधवार से गुरुवार तक दिल्ली के आसमान में बादल छाये रहेंगे।

इसके अलावा कुछ जगहों पर हल्की बारिश का अनुमान भी जताया गया था। दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह की शुरुआत तेज हवाओं से हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज और कल आसमान में बादलों का डेरा हो सकता है। अनुमान है कि इससे अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी। इसके अलावा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम का हाल बताने वाली स्काईमेट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के ऊपर ठंडे और गर्म बादलों का मिश्रण बना हुआ है। इसकी वजह से उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में आंधी और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं। अनुमान जताया गया है कि 19 से 21 अप्रैल के बीच दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ आंधी चल सकती है और बारिश का भी अंदेशा है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है।

इससे पहले राजधानी में मंगलवार को भी तापमान में किसी प्रकार की कमी देखने को नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से गुरुवार तक दिल्ली के आसमान में बादल छाये रहेंगे। इसके साथ कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में तीन डिग्री तक की कमी आने से राहत के आसार हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को धूल भरी तेज हवा चलने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी मंगलवार को ज्यादा रहा। इसके चलते दिन के समय लोग गर्मी से ज्यादा परेशान हुए।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामन्य से चार डिग्री अधिक है। सोमवार को भी दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री रहा था। वहीं न्यूनतम तापमान सोमवार को 22.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।

Back to top button