ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा से 20 सेमी. ऊपर

उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी और अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा को पार करता दिखाई दे रहा है। इसमें बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। वहीं ऐसे में प्रशासन ने तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

दरअसल, पर्वतीय क्षेत्र में हो रही लगातार वर्षा के कारण सभी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। ऋषिकेश में गंगा चेतावनी रेखा को पार कर 20 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। इस स्थिति में प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए कोतवाली पुलिस और जल पुलिस की टीम सभी लोगों को गंगा तट पर जाने से रोक रही है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया ने बताया कि प्रशासन की ओर से जारी अलर्ट में बताया गया कि अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में रुद्रप्रयाग संगम पर 2800-3000 क्यूमेक्स का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है। अनुमान है कि बाढ़ का यही स्तर श्रीनगर बांध को पार कर सकता है।

वहीं देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अलर्ट की जानकारी मिलने के बाद सभी गंगा घाटों पर जल पुलिस को 24 घंटे जलस्तर पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।साथ ही एसडीआरएफ की टीम तमाम गंगा घाटों पर मुस्तैद हो गई है, जो मुनादी कर गंगा घाट पर आने वाले लोगों को दूर करने का काम कर रही है।

Back to top button