
गोंडा जिले में कस्बे के कटी तिराहे पर रविवार दोपहर पटरी पर खड़े एक युवक को दिनदहाड़ बाइक से आए तीन हमलावरों ने गोली मार दी। गोली युवक के गले में लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस घायल युवक को कस्बे के एक निजी चिकित्सालय मे ले गई। जहां उसकी गम्भीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्रारम्भिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया।

घायल युवक रोहित कुमार पुत्र दीनानाथ सिंह थानाक्षेत्र के बल्लीपुर गांव का रहने वाला है। घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार राहुल का आरोपित पक्ष से गाड़ी पर सवारी बैठाने को लेकर विवाद हो गया था। एक दो दिन पहले टकराव के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी थी। घटना की तहरीर अब तक थाने पर नहीं दी गई है। पीड़ित पक्ष ने थानाक्षेत्र के दुर्गागंज निवासी सूरज यादव समेत तीन लोगो को हमला करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्ष के पास सवारी ढोने के वाहन है। स्टैंड पर सवारी बैठाने को लेकर अक्सर विवाद हो जाता था। फिलहाल हमलावरों की बाइक पुलिस के कब्जे मे है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। बहरहाल घटना के बाद आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है।