क्लास बंक कर बार-बार बाथरूम जाते थे छात्र, टीचर्स वजह जानकर रह गए दंग

क्लास बंक करना कोई नई बात नहीं. कई स्टूडेंट अक्सर ये करते हैं. वजह, कभी उन्हें कहीं जाना हो, घर में पार्टी हो या फिर कुछ और, लेकिन अमेरिका में एक अजीबोगरीब वजह से छात्र क्लास बंक करने लगे. बार-बार बाथरूम जाते थे. पहले तो टीचर्स को लगा कि शायद पेट में कोई दिक्कत होगी, लेकिन जब कई छात्र दिन में सात या आठ बार क्लास बंक करने लगे तो टीचर्स ने वजह जानने की कोशिश की. फिर जो नजर आया, उसे देखकर हैरान रह गए.
मामला नॉर्थ कैरोलिना के एक मिडिल स्कूल का है. डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, छात्र बार-बार क्लास बंक कर जाते थे और घंटों नहीं लौटते थे. जब कई दिनों तक यही नजर आया तो हमने जांच की. पता चला कि बाथरूम में टिकटॉक वीडियोज बनाने के लिए स्टूडेंट क्लास बंक कर रहे थे. इसके बाद बाथरूम के सारे शीशे हटा दिए. असर ये हुआ कि अब छात्र कभी क्लास बंक नहीं करते. सभी समय से कक्षाओं में मौजूद रहते हैं.
छात्रों की संख्या में भारी कमी आई
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी लेस एटकिन्स ने कहा, शीशे हटाने के बाद से हमने देखा कि केवल वीडियो बनाने के लिए बाथरूम जाने वाले छात्रों की संख्या में भारी कमी आई है. बाथरूम में ज्यादा लोग नहीं जाते, उतनी देर तक रुकते भी नहीं. स्कूल ने स्मार्ट पास भी सभी छात्रों को दिए हैं, ताकि जब वे चेकइन करें तो गैजेट की जांच की जा सके. यह सिस्टम स्कूल के मौजूदा सॉफ़्टवेयर का हिस्सा है, इसलिए इसपर कोई आपत्ति भी किसी को नहीं है.
पेरेंट्स का भी समर्थन मिल रहा
स्कूल प्रशासन ने कहा, हमें पेरेंट्स का भी समर्थन मिल रहा है. 12 साल के एक लड़के की मां ने लिखा, हम अपने बच्चे को कभी स्मार्ट फोन नहीं देते. आखिर इसकी जरूरत ही क्यों है; दूसरे ने कमेंट किया, एक बच्चे को स्कूल में आपात स्थिति के दौरान ही फोन की जरूरत होती है. आमतौर पर ऐसी स्थिति आती नहीं. इसलिए फोन देना ही नहीं चाहिए. मिडिल स्कूल के बच्चों को फोन की क्या जरूरत है.





