रॉकेट बना रेलवे सेक्टर का ये स्टॉक, एक दिन में ही मालामाल हुए निवेशक

नई दिल्लीः रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के शेयर ने शुक्रवार को लगतार तीसरे कारोबारी दिन अपनी बढ़त जारी रखी। इस दौरान इस शेयर ने निवेशकों को मालामाल कर दिया। शुक्रवार को ये शेयर 18.94 प्रतिशत की बढ़त के साथ 498.05 रुपए के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया। हालांकि, बाजार बंद होने तक यह शेयर 17.53% की बढ़त के साथ 492.15 पर ट्रेड कर रहा था। एक दिन में RVNL के शेयर का भाव 73.40 रुपए बढ़ गया।
इसके साथ ही रेलवे की इस कंपनी का मार्केट कैप 1.02 लाख करोड़ पहुंच गया। स्टॉक मार्केट में RVNL के शेयर ने 52 सप्ताह में 498.50 का हाई बनाया है जबकि इतने ही समय में इस शेयर ने 117.05 का लोअर सर्किट भी लगाया है।
इस खबर से रॉकेट की तरह भागा शेयर
रेल विकास निगम लिमिटेड ने हाल ही में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किया है, जिसके बाद से इसके शेयर के भाव में तेजी आ गई। इस एमओयू के तहत, आरवीएनएल मेट्रो/रेलवे/हाई स्पीड रेल/हाईवे/मेगाब्रिज/सुरंग/संस्थागत भवन/वर्कशॉप या डिपो/एस एंड टी कार्य/रेलवे विद्युतीकरण के लिए परियोजना सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करेगा।
रेल विकास निगम नई लाइनें, दोहरीकरण, गेज परिवर्तन, रेलवे विद्युतीकरण, मेट्रो परियोजनाएं, वर्कशॉप, पुल, केबल स्टे ब्रिज का निर्माण, संस्थान भवन आदि सहित सभी प्रकार की रेलवे परियोजनाओं को क्रियान्वित करने के व्यवसाय में है।





