पुंछ में पहाड़ों पर बर्फबारी, निचले क्षेत्रों में बारिश से जीवन प्रभावित

ताजा बर्फबारी के चलते पुंछ-राजौरी जिलों को कश्मीर से जोड़ने वाले ऐतिहासिक मुगल रोड को अस्थायी तौर पर यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
पुंछ जिले में वीरवार को पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। वहीं, ताजा बर्फबारी के चलते पुंछ-राजौरी जिलों को कश्मीर से जोड़ने वाले ऐतिहासिक मुगल रोड को अस्थायी तौर पर यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। इस कारण जिले से कश्मीर की तरफ जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। उन्हें बफलियाज से घरों को लौटना पड़ा। मुगलरोड पर पोशाना से पीर की गली तक एक से ढाई फुट हिमपात दर्ज रिकार्ड हुआ है। कुपवाड़ा में ताजा बर्फबारी के कारण कुपवाड़ा से तंगधार केरन मार्ग बंद हो गया है।
वीरवार को अलसुबह चार बजे से जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों पीर पांचाल के पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई थी। इस बीच सुबह सात बजे तक मुगलरोड पर पोशान पुलिस चैकपोस्ट और आसपास के क्षेत्र में छह से आठ इंच तक बर्फ जमा हो चुकी थी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने जिले की तरफ से मुगलरोड को अस्थायी तौर पर यातायात के लिए बंद कर दिया है। साथ ही सुरनकोट तहसील के बैहराम गल्ला के आगे मुगल रोड पर किसी भी वाहन को आगे जाने से रोक दिया गया। देर रात को समाचार लिखे जाने तक मुगलरोड पर पोशाना से पीर की गली तक एक से ढाई फुट हिमपात दर्ज किया गया है। उधर, ताजा बर्फबारी और बारिश से जिले में ठिठुरन बढ़ गई है।
कश्मीर के कई हिस्सों में दिनभर बारिश हुई। दूधपथरी, गुलमर्ग, जोजीला, साधना टाप, राजदान पास आदि पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इससे तापमान में गिरावट के साथ पूरे कश्मीर में ठंड का अहसास बढ़ा है। राजधानी श्रीनगर में 9.0 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री गिरकर 7.5 और बीती रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री चढ़कर 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू में दिनभर रुक रुक कर बारिश होती रही। बारिश का बाजार पर भी असर दिखा और आम दिनों के मुकाबले खरीदारों की भीड़ गायब रही। यहां 17.2 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री गिरकर 18.8 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में शरीर को कंपकंपा देने वाली ठंड जारी है। यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।