उमस भरी गर्मी के बाद बरसे बादल, जम्मू और श्रीनगर में लोगों को मिली राहत…

कुछ दिनों तक रही तेज उमस भरी गर्मी से लोगों को गुरुवार को राहत मिली। जम्मू, श्रीनगर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट हुई। साथ ही लोगों को गर्मी से भी राहत मिली।
वहीं, जम्मू शहर में वीरवार तड़के हुई बारिश लोगों के लिए आफत लेकर आई। बठिंडी की अबू बक्कर कॉलोनी में नाले से सटे दो घर पानी के तेज बहाव से ढह गए। वहीं संजय नगर और जीवन नगर के साथ लगता नाला अवरुद्ध होने से पानी और गंदगी लोगों के घर, दुकान में घुस गई। सड़कों पर भी गंदगी फैल गई। शहरवासियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश ने एक तरफ तो लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन शहर में जलभराव और गंदगी ने परेशानी बढ़ा दी। तेज बारिश ने नालों, नालियों और सीवर लाइन की सफाई के नगर निगम के दावों की पोल खोल दी।
जम्मू शहर के बठिंडी की अबू अक्कर कॉलोनी में नाले के साथ लगते दो घर पानी के तेज बहाव में ढह गए। गनीमत ये रही जिस समय ये हादसा हुआ उस समय घरों में कोई नहीं था। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों घरों में प्रवासी श्रमिक रहते हैं।
सुबह चार बजे घर से स्टे नाले में तेज बहाव में पानी आ गया। घर में सो रहे लोग तुरंत बाहर निकल गए। कुछ समय बाद ही दोनों घर ढह गए। अब इन घरों के साथ लगते अन्य मकानों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। लोगों ने कहा कि दो पहले भी बारिश के कारण एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन नगर निगम ने सुध नहीं ली, जिस कारण आज पूरा मकान ढह गया।
वहीं शहर के संजय नगर में नाला एक बार फिर परेशानी का सबब बना। नाले से गंदगी और सिल्ट साफ नहीं हुई थी। पानी के तेज बहाव के कारण नाला अवरुद्ध हो गया। सिल्ट व गंदगी घरों के साथ-साथ सड़क पर फैल गई। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जीवन नगर के साथ लगता नाला भी तेज बारिश के कारण अवरुद्ध हो गया। पानी गलियों से होते हुए लोगों के घरों में घुस गया।





