कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा- पंजाब में बदलेगी सार्वजनिक वितरण प्रणाली, बदलेंगे कार्डों के रंग
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि पंजाब में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बदलाव होगा। 31 मार्च तक नई सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली ई-पोस को लागू किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अादेश दिया है कि इसके बाद नीले कार्डों के जरिए राशन वितरण की व्यवस्था को बंद किया जाए। इससे फर्जी राशन कार्डों से राशन अादि लेने पर रोक लगेगी।
नीले कार्डों की जगह ई-पोस से मिलेगा राशन
कैप्टन ने यहां खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों कर बैठक ली। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद फर्जी राशन कार्डों के जरिए सामग्री लेने वालों पर रोक लगेगी और सही लोगों को तथा सही हाथों में राशन मिलेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि नई प्रणाली को ठीक तरीके से लागू किया जाए।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव केएपी सिन्हा ने कहा कि 1600 इंस्पेक्टरों की तैनाती नई राशन वितरण प्रणाली को लेकर लगा दी गई है। यह राशन के गोदाम से लेकर लोगों के हाथों में राशन पहुंचने तक की मॉनीटरिंग करेंगे। उन्होंने कहा कि कंप्यूटरीकृत इस नई ई-पोस प्रणाली से सही तरीके से राशन वितरण व्यवस्था को लागू किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस मशीन को बायोमीट्रिक आधार के जरिए लिंक किया गया है। इससे लाभार्थियों की पहचान व विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शी हो जाएगी। इसके साथ भार तोलने वाली मशीन व आई स्कैनर को भी लिंक किया गया है। इसके जरिए सही लाभार्थियों को सही पूरी मात्रा में राशन सामग्री मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मोहाली में इस पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जा चुका है। 34485 लार्भाथियों को इसका लाभ मिल रहा है। इसके बाद इसे पटियाला, मानसा व फतेगहढ़ साहिब में भी 26 जनवरी से लागू कर दिया जाएगा। सूबे के बाकी जिलों को इस नई राशन वितरण प्रणाली के साथ 31 मार्च तक जोड़ दिया जाएगा।





