पुलिसकर्मियों ने मेदांता अस्पताल प्रशासन की अपील पर आईजीआई एयरपोर्ट से अस्पताल तक 12 किलोमीटर का ग्रीन कारिडोर बनाया..

पुलिसकर्मियों ने मेदांता अस्पताल प्रशासन की अपील पर आईजीआई एयरपोर्ट से अस्पताल तक 12 किलोमीटर का ग्रीन कारिडोर बनाया। एंबुलेंस ने गुरुग्राम-दिल्ली बार्डर से मेदांता अस्पताल तक की 12 किमी की दूरी सिर्फ सात मिनट में तय कर ली।
एक व्यक्ति की जान बचाने के लिए मंगलवार को गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सराहनीय कार्य किया। पुलिसकर्मियों ने मेदांता अस्पताल प्रशासन की अपील पर आईजीआई एयरपोर्ट से अस्पताल तक 12 किलोमीटर का ग्रीन कॉरिडोर बनाया।
7 मिनट में तय की 12 किमी की दूरी
स्पेशल रूट बनने से एंबुलेंस ने गुरुग्राम-दिल्ली बार्डर से मेदांता अस्पताल तक की 12 किमी की दूरी सिर्फ सात मिनट में तय कर ली। इससे अस्पताल में हृदय प्रत्यारोपण सफल रहा। ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मेदांता में एक व्यक्ति का हृदय प्रत्यारोपण किया जाना था। मेदांता ने इसके लिए चंडीगढ़ से हवाई मार्ग से आईजीआई एयरपोर्ट तक हृदय मंगवाया था।

ट्रैफिक पुलिस ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर
व्यक्ति के दिल की प्रत्यारोपण की समय सीमा छह घंटे तक सीमित थी। भारी ट्रैफिक भीड़ के कारण एंबुलेंस अक्सर महत्वपूर्ण समय गंवा देती हैं। इसलिए आईजीआई एयरपोर्ट से अस्पताल तक ले जाने के लिए प्रबंधन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाने की अपील की थी। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सिग्नल मुक्त ग्रीन कॉरिडोर बनाया।
ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंबुलेंस शाम पांच बजकर आठ मिनट पर दिल्ली बार्डर से चली और पांच बजकर 15 मिनट पर अस्पताल पहुंच गई। वैसे व्यस्त समय में एंबुलेंस को पहुंचने में 15 से 20 मिनट का समय लगता है।





