शख्स की आंत में मिली ज़िंदा मक्खी! डॉक्टरों के लिए भी बना रहस्य

इंसान का शरीर भी ऐसी चीज़ है, जिसकी फंक्शनिंग के बारे में कोई कितना भी रिसर्च कर ले, सही-सही नहीं जान सकता. हमेशा कुछ न कुछ ऐसी चीज़ें सामने आ जाती हैं, जिनकी हमने कल्पना भी नहीं की होती है. एक ऐसा ही मामला अमेरिका के मिसौरी से सामने आया है. यहां एक बुजुर्ग आदमी के पेट का स्कैन करने पर डॉक्टरों को जो मिला, वो दंग कर देने वाला था.
मिसौरी एक 63 साल के शख्स को कोलन कैंसर की बीमारी है. ऐसे में वो इसी साल की शुरुआत में अपनी रेगुलर जांच के लिए अस्पताल पहुंचा था. यहां जांच के दौरान उसकी आंत में डॉक्टरों को जो दिखाई दिया, वो उनकी कल्पना से परे था. यहां उन्हें एक जिंदा भिनभिनाती हुई मक्खी मिली, जिसे देखने के बाद वो हैरान रह गए और उन्हें समझ ही नहीं आया कि ये पेट के अंदर कहां से पहुंची?
आंत में कैसे पहुंची मक्खी?
ये सवाल काफी वाजिब है कि आखिर मक्खी आंत में कैसे पहुंच गई? अमेरिकन जर्नल ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के मुताबिक, शख्स का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने इसे दुर्लभ कोलोनोस्कोपिक खोज से जुड़ा हुआ बताया. यह एक रहस्य है कि जिंदा मक्खी पाचन तंत्र के अंतिम भाग तक कैसे पहुंची. हालांकि आशंका जताई गई है कि बहुत ही रेयर मामलों में इंसान अनजाने में फलों या सब्जियों में मौजूद रहने वाले मक्खियों के अंडे या लार्वा का सेवन कर लेते हैं. जब ये कीड़े पेट के एसिड में भी सर्वाइव कर लेते हैं तो आंतों में पनपने लगते हैं. इसे इंटेस्टाइनल मायियासिस के रूप में जाना जाता है.
रखना चाहिए खास ख्याल
मिसौरी यूनिवर्सिटी में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के प्रमुख मैथ्यू बेचटोल्ड के मुताबिक मक्खी शख्स के मुंह या पिछले हिस्से से शरीर में घुसी होगी. द इंडिपेंडेंट से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पाचन एंजाइमों और पेट के एसिड से मक्खी को मर जाना चाहिए लेकिन वो नहीं मरी. डॉक्टर भी इस घटना पर हैरान हैं और उन्होंने सलाह दी है कि फल और सब्ज़ियों को खाने से पहले इन्हें ठीक से धोना चाहिए और मक्खियों से दूर रहना चाहिए.





