दुनिया का वो इकलौता देश, जहां मिलती है मुफ्त बिजली, गैस और पानी

देश में एक तरफ बढ़ती महंगाई से लोग त्रस्त हैं, तो दूसरी ओर कमाने वालों के ऊपर इतने सारे टैक्स लगा दिए गए हैं कि वो भी परेशान हैं. टैक्स पेयर्स की इच्छा होती है कि अगर हम सरकार को अपनी कमाई हिस्सा टैक्स के रुप में देते हैं, तो हमें सुविधाएं भी वैसी ही मिलनी चाहिए. लेकिन ऐसा होता नहीं है. लेकिन इन सबके बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि तुर्कमेनिस्तान नाम के देश में लोगों को न सिर्फ मुफ्त की बिजली और पानी मिलता है, बल्कि गैस के लिए भी उन्हें पेमेंट नहीं करनी होती है. ऐसे में हमने इस पोस्ट की सच्चाई को जानने की कोशिश की. हमने इंटरनेट से लेकर अन्य सोर्स का इस्तेमाल किया, तो पता चला कि तुर्कमेनिस्तान में कभी वाकई में ये सबकुछ मुफ्त मिलता था, लेकिन अब ऐसा नहीं रहा.

पहले बात वायरल वीडियो की करते हैं, इसमें साफ-साफ लिखा है कि पूरी दुनिया में तुर्कमेनिस्तान ही एकमात्र ऐसा देश है, जहां पर लोगों को गैस, बिजली और पानी 1993 से लेकर आजतक मुफ्त दी जाती है. इंस्टाग्राम पर इस पोस्ट को डेली लाइफ फैक्ट नॉलेज नाम के यूजर ने शेयर किया है, जिसे 16 हजार लोग इस प्लेटफॉर्म पर फॉलो करते हैं. इस पोस्ट पर अब तक 12 लाख से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं. वहीं, हजारों लोगों ने इसे लाइक और शेयर किया है. लेकिन ये सच्चाई सिर्फ आधी है. दरअसल, तुर्कमेनिस्तान में साल 1993 से वाकई में वहां के लोगों को बिजली, पानी और गैस मुफ्त मिलता था. लेकिन साल 2019 तत्कालीन राष्ट्रपति गुरबांगुली बर्डीमुखमेदोव ने इस प्रावधान को खत्म कर दिया. सरकार ने इसे खत्म करने के पीछे जो वजह बताई, उसके मुताबिक, देश की बढ़ती आबादी और वहां के बदहाल होते आर्थिक हालात थे. वर्तमान में, तुर्कमेनिस्तान में इनमें से कोई भी चीज मुफ्त नहीं है. इसलिए पोस्ट में किया गया दावा भ्रामक है.

बता दें कि तुर्कमेनिस्तान को साल 1991 में सोवियत संघ से आजादी मिली थी. इसके 2 साल बाद 1993 से ही वहां के नागरिकों को पानी, गैस और बिजली जैसी मुफ़्त सुविधाएं मुहैया करवाई गईं. लेकिन आज यह प्रावधान मौजूद नहीं है. इस मुफ्त योजना की शुरुआत वहां के पहले राष्ट्रपति सपरमिरात नियाज़ोव (Saparmyrat Niyazov) ने की थी, जिसके तहत प्रत्येक नागरिक को हर महीने 35 किलोवाट घंटे बिजली और 50 क्यूबिक मीटर प्राकृतिक गैस मिलती थी, साथ ही प्रतिदिन लोगों को 250 लीटर (66 गैलन) पानी भी उपलब्ध कराया जाता था. हालांकि, अब इनमें से कोई सुविधा वहां के लोगों को मुफ्त में नहीं मिलती है, लेकिन अक्सर ऐसे पोस्ट वायरल होते रहते हैं. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस पोस्ट को भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं. साथ ही कमेंट के जरिए अपनी राय भी रख रहे हैं.

वीडियो पोस्ट पर कमेंट करते हुए विनोद श्रीवास्तव नाम के यूजर ने लिखा है कि मुफ्तखोरों को यह सलाह दी जाती है कि वह तुरंत तुर्कमेनिस्तान का वीजा ले लें और भारत से चले जाएं, क्योंकि वहां सबकुछ फ्री है. मिलन भक्त नाम के यूजर ने लिखा है कि पूरी दुनिया में भारत भी इकलौता ऐसा देश है, जहां पर सभी चीजों और सर्विस पर टैक्स लगता है. वहीं, अनिल एरकर ने कमेंट किया है कि इस देश की आबादी कितनी है, यह पता करो पहले, साथ ही फोकट में खाने वाले कितने लोग हैं. इसके बारे में भी पता करो. लेकिन अनिल कुमार नाम के यूजर ने इसे फर्जी पोस्ट करार दिया है, जो वाकई में सच है. हालांकि, अनिल सहित कई अन्य यूजर्स ने अभद्र भाषा में टिप्पणी की है.

Back to top button