भूकंप से दक्षिणी मैक्सिको में, 90 तक पहुंची मरने वालों की संख्या

जुचितान: जबरदस्त भूकंप से दक्षिण मैक्सिको में जनजीवन पर खासा प्रभाव पड़ा है. बार-बार भूकंप के झटकों से लोग काफी डरे हुए हैं. दक्षिण मैक्सिको में गुरुवार की रात आए 8.1 तीव्रता के भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है. कम से कम तीन दर्जन लोग जुचितान में मारे गए हैं.
भूकंप के कारण जुचितान शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. लोग घरों से बाहर रहने को मजबूर हैं. यहां एक-तिहाई घर रहने लायक नहीं रह गए हैं और बार-बार आ रहे भूकंप के झटकों के कारण लोग उन इमारतों के भी करीब जाने से घबरा रहे हैं, जो अभी ठीक हालत में हैं.
ओक्साका और चियापास में अधिकारियों ने बताया कि हजारों घर और सैकड़ों स्कूलों को नुकसान पहुंचा है या वे नष्ट हो गये हैं. सैकड़ों लोगों को पानी संकट से जूझना पड़ रहा है.
उत्तर कोरिया ने अमेरिका को दी नसीहत कहा- नए प्रतिबंध लगे तो अंजाम…!
शहर में आए भयावह भूकंप के बाद कई शक्तिशाली झटकों का आना जारी है जिसमें रविवार को आया 5.2 तीव्रता का भूकंप भी शामिल है. ऐसे में इमारतों के गिरने की आशंका से बड़ी संख्या में लोग बाहर ही सो रहे हैं.





