घर की सफाई कर रहा था शख्स, तभी हाथ लगी ‘दुर्लभ’ चीज!

पुराने घरों की सफाई के दौरान कई बार ऐसी दुर्लभ चीजें हाथ लग जाती हैं कि यकीन नहीं होता. लंदन में एक शख्स के साथ ऐसा ही हुआ. वर्षों पुराने घर की सफाई कर रहा था, तभी उसका हाथ दो बक्सों से जा टकराया. इसे उसने कभी नहीं देखा था. लेकिन जब खोला तो अंदर दो बेहद पुराने कंप्यूटर मिले. लेकिन आश्चर्यचकित तब रह गया, जब पता चला कि ये दुनिया के पहले डेस्कटॉप कंप्यूटरों में से एक हैं, जिन्होंने पूरी दुनिया बदल डाली.
मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन के रहने वाले जस्ट क्लियर के बॉस ब्रेंडन ओशिआ ने कहा, शुरू में तो मुझे लगा कि ये टाइपराइटर है. क्योंकि यह बिल्कुल उसी तरह नजर आ रहा था. लेकिन जब मैंने इसके बारे में ऑनलाइन लोगों से पूछा, कंप्यूटर एक्सपर्ट से सलाह ली, तो चौंकाने वाली बातें पता चलीं. एक्सपर्ट ने बताया कि ये दुनिया के सबसे पहले स्कटॉप कंप्यूटर हैं. इन्हें अमेरिकी कंपनी Q1 कॉर्पोरेशन ने बनाया है. यह मॉडल सिंगल-चिप माइक्रोप्रोसेसर द्वारा संचालित था. 1972 में इसे लॉन्च किया गया था. नियॉन-नारंगी प्लाज्मा डिस्प्ले वाला यह कप्यूटर डिजाइन में शानदार था. जबरदस्त क्वालिटी वाला यह कंप्यूटर अपने समय के सबसे उपयोगी उपकरणों में से एक था. उस वक्त ब्रिटेन में इसके सिर्फ कुछ पीस लाए गए थे. इन्हीं में से दो कंप्यूटर ब्रेंडन के घर में रखे हुए थे. ब्रेंडन ने कहा, मैं कल्पना भी नहीं कर सकता था कि मेरे घर में दुनिया का सबसे दुर्लभ कंप्यूटर रखा होगा.
इन चीजों को नीलामी के लिए रखते
ओशिआ की कंपनी घरों की सफाई का काम करती है. उन्होंने कहा, घर साफ करते समय हमारी टीमों को कई तरह की चीजें मिलती हैं, जिनमें से कुछ ऐतिहासिक महत्व की होती हैं, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि हमें प्रौद्योगिकी के क्षेत्र के लिए इतनी महत्वपूर्ण चीज मिलेगी, जिसने पूरी दुनिया बदल दी. कई बार हम इन चीजों को नीलामी के लिए रखते हैं. कई बार इन्हें प्रदर्शनी में भी भेजा जाता है. यह तो और भी दुर्लभ चीज है. ऐसा कंप्यूटर मैंने अब तक नहीं देखा था.
तो कोई पीसी, कोई ऐप्पल या एंड्रॉइड फोन नहीं
किंग्स्टन विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान के प्रोफेसर पॉल नेवे ने कहा, Q1 कंप्यूटर अगर नहीं होता तो कोई पीसी, कोई मैक, कोई ऐप्पल या एंड्रॉइड फोन, आज हम नहीं देख पाते. 1970 और 1980 के दशक में आई इन खोजों ने पूरी दुनिया बदल डाली. आज हम जो कुछ भी डिस्प्ले या आधुनिक कंप्यूटर, फोन के रूप में देख रहे हैं, उसकी नींव इसी ने रखी थी.विश्वविद्यालय में इसे प्रदर्शित किया गया है ताकि लोग इसके बारे में जान सकें. इनके साथ, अटारी, सिंक्लेयर ZX81, ZX स्पेक्ट्रम, सिंक्लेयर QL, बीबीसी माइक्रो, एकोर्न इलेक्ट्रॉन, एमस्ट्राड, कमोडोर और ड्रैगन 32 भी प्रदर्शित किए गए हैं.





