बर्फ के बीच बैठा था भालू, शख्स ने प्यार से जाकर खिला दिया लॉलीपॉप!

आपने एक पुरानी कहानी सुनी होगी, जिसमें भालू से बचने के लिए आदमी मरने की एक्टिंग करने लगता है और भालू उसे सूंघकर चला जाता है. कहानी सच्ची है या नहीं, ये तो नहीं पता, पर एक बात सच है कि भालू बेहद खतरनाक जीव होते हैं और उनसे बचना बेहद मुश्किल होता है. पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स, भालू जैसे खतरनाक जीव के साथ ऐसे पेश आ रहा है, जैसे वो कोई इंसानी बच्चा हो. वो उसे बड़ी सी लॉलीपॉप (Bear eating lollipop viral video) खिलाता नजर आ रहा है. उसे देखकर लोग तो ये तक कहने लगा कि वो भालू शायद उस आदमी का पालतू है.
इंस्टाग्राम अकाउंट @anton.mojet पर इस वीडियो (Russian man feed bear video) को पोस्ट किया गया है. वीडियो में टॉम नाम का एक भूरा भालू नजर आ रहा है. ब्राउन बियर बेहद खतरनाक जीव होते हैं और इनके सामने इंसान कभी नहीं टिक सकता. पर वीडियो में एंटॉन नाम का व्यक्ति उसे लॉलीपॉप खिलाता नजर आ रहा है. ये वीडियो रूस का है और भालू भी वहीं का है.
भालू ने खाया लॉलीपॉप
वीडियो में आप देख सकते हैं कि भालू बर्फ पर बैठा है. तभी उसके पास एंटॉन आते हैं और उसे एक बड़े साइज का लॉलीपॉप देते हैं. ऐसा लग रहा है कि ये लॉलीपॉप खास उस भालू के लिए ही बनाया गया है, क्योंकि उसका साइज काफी बड़ा है. भालू बड़े ही चाव से उस लॉलीपॉप को खाता नजर आ रहा है. इस बीच वो शख्स उसके सिर को प्यार से सहला रहा है. हैरानी इस बात की है कि वो भालू कुछ नहीं कर रहा है. भालू का अपना एक इंस्टाग्राम पेज है, जिसपर 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. अकाउंट पर कई वीडियोज हैं जिसमें लोग उसके साथ मस्ती कर रहे हैं. ऐसे में ये बेहद फ्रेंडली लग रहा है.
वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 84 लाख व्यूज मिल चुके हैं जबकि कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा कि रूसी लोग किसी भी चीज को पालतू बना सकते हैं. एक ने कहा कि ये देखकर उसका दिन बन गया कि एक भालू लॉलीपॉप खा रहा है. एक ने कहा कि ये देखकर तो लगता है कि रूसी लोग टी-रेक्स जैसे डायनासोर को भी पालतू बना सकते हैं.





