पति के पैसों पर थी नजर, बीवी ने कॉफी में मिलाया जहर, था मारने का प्लान…

अगर एक पुरुष को अच्छी बीवी मिल जाए, तो वो उसका जीवन पार लगा देती है. वो मुश्किल परिस्थिति में भी उसका साथ देती है. पर अगर जीवनसाथी अच्छा ना हो, तो फिर आसान परिस्थिति भी मुश्किल बनते देर नहीं लगती. एक अमेरिकी शख्स के साथ भी ऐसा ही हुआ जो अमेरिकी एयरफोर्स में काम करता है. शख्स की बीवी (Wife poison husband coffee) ने उसे मारने की कोशिश की. पर एक सीसीटीवी कैमरे ने उसकी सच्चाई को खोल दिया. अब वो महिला जेल जाने की कगार पर है.
डेली स्टार न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार मेलोडी फेलिकानो जॉनसन (Melody Felicano Johnson) 40 साल की हैं और उनके ऊपर पति की हत्या करने का आरोप है. दरअसल, उन्होंने अपने पति रॉबी जॉनसन (Roby Johnson) की कॉफी में पिछले साल जुलाई 11 और जुलाई 18 को जहर मिलाने की कोशिश की. ये बात पति को सीसीटीवी कैमरे से पता चली, जो उन्होंने खुफिया तरीके से घर में लगा रखा था. मेलोडी ने जेल में कम वक्त की सजा की अर्जी डाली है.
संपत्ति के लिए मारना चाहती थी महिला
10 मई को उन्हें सजा सुनाई जाएगी. उन्हें 2 साल तक की कम से कम सजा हो सकती है. एरिजोना की रहने वाली मेलोडी फिलहाल 2 करोड़ रुपये के बॉन्ड पर गिरफ्तार हैं. कोर्ट में दर्ज कागजात के अनुसार रॉबी को लगता था कि उनकी बीवी सिर्फ उनकी संपत्ति पाने के लिए उन्हें मारना चाहती है. इसी शक की वजह से उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगा लिए थे. दोनों का एक बच्चा भी है. दोनों तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहे थे, जब मेलोडी ने उन्हें जहर देने की कोशिश की.
बीवी को पकड़ने के लिए लगाया कैमरा
मार्च 2023 से पति को अपनी ब्राउन कॉफी का टेस्ट कुछ अजीब लगने लगा था. उस दौरान उनकी पोस्टिंग जर्मनी में थी, तब पूरा परिवार वहीं था. तब रॉबी कॉफी पीने का नाटक करने लगे, मगर वो उसे असल में फेंक देते थे. कुछ हफ्तों बाद वो एरिजोना, अपने घर लौट आए और वहां पर उन्होंने घर में कैमरे लगवा दिए जिससे उन्हें पता चले कि उनकी पत्नी के मन में क्या है. 6 जुलाई को रॉबी ने पहला वीडियो फुटेज पुलिस को दिया, मगर पुलिस ने उसे नहीं माना क्योंकि उसमें सबूत साफ नहीं थे. तब रॉबी ने घर में दूसरा कैमरा सेटअप किया और उसे फायर अलार्म बताया. 18 जुलाई को उन्होंने पुलिस को दूसरा फुटेज दिया था, जिसमें बीवी, कॉफी में जहर मिलाते हुई नजर आ रही थी.





