बढ़ती ठंड ने मशरूम की पैदावार को किया प्रभावित, पढ़े पूरी खबर

बारिश होने से तापमान में लगातार हो रही गिरावट ने मशरूम की पैदावार में ठहराव ला दिया है। फसल पनप ही नही पा रही। क्योंकि तापमान नीचे जा रहा है। इसको लेकर किसान परेशान है। कुछ दिन पहले अच्छी पैदावार किसानों को मिल रही थी। मगर बढ़ती ठंड ने पैदावार को प्रभावित किया है।

इसलिए कृषि विभाग किसानों को सचेत कर रहा है कि वे मशरूम के शेड के अंदर का तापमान नियंत्रित करें। इस समय शेड के अंदर का तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए। लेकिन इन दिनों जम्मू का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम है और यह मशरूम की पैदावार में बाधक है।

मशरूम सेक्शन कृषि विभाग के स्पान डेवलपमेंट आफिसर ज्योति शर्मा ने कहा कि किसानों को तापमान नियंत्रित करने के लिए शेड के अंदर कुछ उपाय करने चाहिए। वह एक दो बल्ब लगा सकते हैं। पानी से भरी बाल्टी में राड डालकर भाव से तापमान नियंत्रित किया जा सकता है। वहीं कृषि विभाग ने किसानों से कहा कि वे हीटर, बिना पानी वाली राड़ मशरूम के शेड में न चलाएं। इससे फसलों को नुकसान हो सकता है।

इन दिनों फसल को पानी देने के क्रम में बदलाव लाया जाना चाहिए। सुबह शाम पानी देने की बजाए दोपहर को ही पानी दिया जाए। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ही शेड की खिड़कियां दरवाजे हवा के लिए खोले जाएं। शाम को या सुबह पानी देने से तापमान गिरने का डर रहता है।

वहीं किसानाें से कहा गया कि वे मशरूम की फसल पर लगातार नजर रखें कि कहीं कोई बीमारी तो नही पनप रही। अगर ऐसा है तो कृषि विभाग को सूचित किया जाए। किसान अपनी मनमर्जी से दवाओं का इस्तेमाल न करें। इससे फायदा होने की बजाए किसानों को नुकसान हो सकता है। इसलिए सबसे पहले मशरूम विशेषज्ञों की राय ली जानी चाहिए। 

Back to top button