काशी में अमित शाह व योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत

जनप्रतिनिधियों से मिलकर जाना वाराणसी के विकास का हाल

-सुरेश गांधी

वाराणसी : गृहमंत्री अमित शाह एवं मंख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस तक जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान अमित शाह ने वाराणसी के विकास का हाल जाना और नगर निकाय चुनाव जीतने का मंत्र भी दिया। बता दें, अमित शाह बिहार के छपरा में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। वहां से गृहमंत्री एवं सीएम योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में बाबा विश्वनाथ के दरबार में पूजा-पाठ का कार्यक्रम था, लेकिन 9 बजे की जगह सायंकल 6 बजे ही वह बाबतपुर एअरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इसके पहले गृहमंत्री विमान से सुबह दस बजे एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहां गृह मंत्री की अगवानी व स्वागत सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मंडलायुक्त वाराणसी कौशलराज शर्मा, सबू के स्टांप शुल्क पंजीयन राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, अनिल राजभर, संगठन प्रभारी सुनील ओझा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह आदि मौजूद रहे। इसके बाद गृहमंत्री योगी के साथ बिहार के छपरा में लोक नायक जयप्रकाश की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। वहां शाह ने कहा कि संपूर्ण क्रांति का शंखनाद करने वाले जेपी की यह धरती लोकतंत्र के प्रति निष्ठावान रहने का संदेश देती है। मोदी जी भी जेपी के आदर्शों पर चल देश से जातिवाद, परिवारवाद व तुष्टिकरण की राजनीति समाप्त कर गरीब कल्याण के पथ पर अग्रसर है और सिताब दियारा में उमड़ा जन सैलाब इसका परिचायक है। वहां से लौटकर गृहमंत्री अमित शाह व योगी वाराणसी सर्किट हाउस पहुंचकर वाराणसी के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया और विकास कार्यो की जानकारी हासिल की।

भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं को दिया नगर निकाय चुनाव जीतने का मंत्र

भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक दल के कार्यकर्ता होने के नाते हमारे सामने हमेशा बेहतर करने की चुनौती रहती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 80 में से 64 सीटे प्राप्त हुई थी और 16 नगरनिगम में से 14 पर भाजपा का कब्जा था इस बार 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव एवं प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव में पिछले बार से बेहतर परिणाम हमें लाने है। यह बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भुपेंद्र सिंह चौधरी ने कहीं। वे मंगलवार को क्षेत्र पदाधिकारीयों, जिला एवं महानगर पदाधिकारीयों की सर्किट हाऊस में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता परिश्रमी और मेहनती है। कार्यकर्ताओं के बदौलत ही भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बडी पार्टी बनी है। आज देश के अधिकतर राज्यों में पार्टी की सरकार है। राज्यसभा, लोकसभा में सबसे ज्यादा सांसद व विधायक भाजपा के है। नगर पालिका, नगर निगम से लेकर ग्राम सभा तक हर जगह भाजपा है। ऐसे में जो स्नेह, आदर, सम्मान एवं विश्वास देश एवं इस प्रदेश की जनता ने दिया है उसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

चौधरी ने कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा कि आने वाले निकाय चुनावों के दृष्टिगत हमें पूर्ण विजय के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ना है। पार्टी के प्रदर्शन को बेहतर करने का आप सभी संकल्प लें। कहा कि जनता के लिए सुरक्षा, बिजली, पानी और सड़क तथा गांव, गरीब, किसान की सामाजिक व आर्थिक उन्नति के लिए चलाई जा रही केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा सार्वजनिक स्थानों पर होनी चाहिए। क्योंकि हमारी सरकार देश व उत्तर प्रदेश की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आज सरकार नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों का भी सर्वांगीण विकास करने में कार्यरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हम आगामी चुनावों में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे। बैठक में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, अशोक चौरसिया, धर्मेंद्र सिंह, प्रदीप अग्रहरि, राकेश शर्मा, सुदामा पटेल, अशोक तिवारी, उदय प्रताप सिंह, श्रीप्रकाश शुक्ला, नवरतन राठी, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, अशोक पटेल, प्रवीण सिंह गौतम, संजय सोनकर, गोपालजी गुप्ता, सिद्धनाथ शर्मा, जगन्नाथ ओझा आदि प्रमुख रुप से उपस्थित रहे।

Back to top button