
खुद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमने वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम बदलकर वीर सावरकर सेतु और मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति न्हावा शेवा अटल सेतु कर दिया है। शिंदे सरकार ने महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना की सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने का भी बड़ा निर्णय लिया है और इसका लाभ राज्य के सभी लोगों को दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में संपन्न राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया। कैबिनेट ने बनने जा रहे वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम सावरकर के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी और एमटीएचएल का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शिवडी न्हावा शेवा अटल सेतु करने का भी फैसला किया गया। शिंदे ने पिछले महीने कहा था कि वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम सावरकर के नाम पर रखा जाएगा।
इस सी लिंक का 17 किलोमीटर तक विस्तार किया जाएगा, जो अंधेरी को बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जोड़ेगा। यह तटीय रोड का हिस्सा है। एमटीएचएल मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ेगा। इस काम के इस साल दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा, सीएम शिंदे ने बताया कि उनकी सरकार ने महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना की सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने का भी बड़ा निर्णय लिया है और इसका लाभ राज्य के सभी लोगों को दिया जाएगा।