अहमदाबाद से बिहार के जमुई आई और पूरी रात स्टेशन पर अकेली रही लड़की, सुबह उठते ही कर दिया यह काम…

गुजरात के अहमदाबाद से एक लड़की ने ट्रेन पकड़ी और वह बिहार के जमुई पहुंच गई. जमुई पहुंचने के बाद लड़की ने रेलवे स्टेशन पर पूरी रात बिताई. सुबह होते ही वह लड़की स्टेशन से थोड़ी दूर एक युवक के घर पर जा पहुंची. उसके बाद उसने जो किया यह बात पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई. मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, जहां अपने प्रेमी को ढूंढते-ढूंढते एक प्रेमिका गुजरात के अहमदाबाद से बिहार के जमुई पहुंच गई. इस दौरान युवती ने स्टेशन पर ही पूरी रात बिताई. युवती मध्य प्रदेश की रहने वाली है और उसे जमुई के एक युवक से प्यार हो गया था, जिसके बाद उसने तमाम परेशानी उठाते हुए भी अपनी प्रेमी से मिलने की ठानी और जमुई पहुंच गई.

धागा मिल में ही जुड़ गया था प्रेम का धागा 
मध्य प्रदेश की रहने वाली युवती रितु ने बताया कि करीब 3 साल पहले जमुई जिला के मलयपुर के रहने वाले सेठ विश्वकर्मा का पुत्र शिवम कुमार धागा फैक्ट्री में काम करने के लिए गुजरात के अहमदाबाद गया था. रितु भी वही काम करती थी, इस दौरान दोनों एक दूसरे से मिले. धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ी और धागा फैक्ट्री में काम करते-करते ही दोनों के प्रेम का धागा भी एक दूसरे से बंध गया. दोनों एक दूसरे के साथ जीने-मरने के सपने देख रहे थे. लेकिन इसी बीच छठ पूजा के दौरान शिवम वापस अपने घर चला आया.

अपने प्रेमी की तलाश में जमुई पहुंची युवती 
रितु ने बताया कि छठ पूजा में शिवम घर आया था. इस दौरान उसने कहा था कि वह थोड़े दिनों में वापस काम पर लौट जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. काफी लंबा समय बीत जाने के बाद भी शिवम वापस नहीं आया. इस दौरान रितु ने शिवम से फोन पर बात करने का भी प्रयास किया, पर उसका मोबाइल नहीं लग रहा था. जिसके बाद उसने अहमदाबाद से ट्रेन पकड़ी और सीधे जमुई पहुंच गई. जहां पूरी रात वह स्टेशन पर ही इंतजार करती रही. सुबह होते ही वह अपने प्रेमी को ढूंढते हुए मलयपुर बस्ती आई, जहां वह सीधे अपने प्रेमी के घर पहुंच गई तथा उसके माता-पिता को सारी बात बताई. इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ वहां इकट्ठा हो गई. प्रेमी प्रेमिका की बात सुनकर ग्रामीणों ने दोनों की मर्जी से पतनेश्वर मंदिर में ले जाकर उनकी शादी करवा दी. प्रेमी की तलाश में करीब दो हजार किलोमीटर का सफर तय कर जमुई पहुंची रितु की कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

Back to top button