जंगल सफारी में चिल्लाने लगे टूरिस्ट, शोर सुनकर बिगड़ा गजराज का मूड!

हाथी को जंगली जानवरों में सबसे समझदार माना जाता है. लेकिन यह तभी तक है, जब तक कि उसे छेड़ा न जाए. इसीलिए जंगल में जाने वाले हर शख्स के लिए कुछ नियम बनाए जाते हैं. जंगल सफारी पर जाएं, तो भी इन नियमों का पालन करें, वरना वही होगा जो इन लोगों के साथ हुआ. जंगल सफारी कर रहे थे. जानवरों को नजदीक से देखने की इतनी ललक थी कि देखते ही शोर मचाने लगे. फिर जो हुआ उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते.
वीडियो अफ्रीकी देश जाम्बिया के काफू नेशनल पार्क का है. टूरिस्टों का एक ग्रुप लुफुपा रिवर कैंप में ठहरा हुआ था. सुबह इन लोगों ने जंगल सफारी का फैसला लिया. सभी लोग सफारी वाहन में सवार हुए और जाने लगे. कुछ दूर चलने के बाद रास्ता बंद मिला. इसके बाद गाइड दूसरे रास्ते से पर्यटकों को ले जाने लगा. यह रास्ता उसके लिए तो अनजान नहीं था, लेकिन काफी खतरनाक था. टूरिस्टों को कई जानवर मिले, जिससे वे काफी खुश नजर आए. लेकिन तभी कुछ शोर हुआ और दूर से भारी-भरकम हाथी दौड़ता हुआ आया.
वैन में बैठे लोगों के प्राण सूख गए
गजराज को अपनी ओर आता देखकर टूरिस्ट वैन में बैठे लोगों के प्राण सूख गए. वीडियो में एक महिला को आप ‘हे भगवान’ कहते हुए सुन सकते हैं. एक टूरिस्ट कह रहा, ‘उह ओह, तेजी से आ रहा है’. जैसे-जैसे हाथी पेड़ों और झाड़ियों के बीच से उनकी ओर आने लगता है, गाइड को लगता है कि अगर वाहन रोक दें तो शायद वह हमला नहीं करेगा. वह वाहन रोक देता है. लेकिन तभी हाथी को पास आता देख लोग डर जाते हैं और शोर मचाने लगते हैं. कुछ टूरिस्ट कहते हैं… ‘अरे! अरे! अरे!’. हाथी तो बेहद गुस्से में था. उसने सफारी वाहन पर अटैक कर दिया. सूंड से एक झटके में ही वाहन केा पलट दिया.
80 साल की एक महिला की मौत
गजराज का हमला इतना तेज था कि अमेरिका से आई 80 साल की एक महिला की मौत हो गई. उसके साथ पांच अन्य टूरिस्ट थे, इनमें से एक गंभीर रूप से घायल है. चार को मामूली चोटें आई हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. टूरिस्टों को ले जाने वाले ग्रुप के सीईओ ने इसके लिए माफी मांगी. उन्होंने कहा- हमारे सभी गाइड बेहद अच्छी तरह से प्रशिक्षित और अनुभवी हैं, लेकिन दुख की बात है कि यह इलाका काफी खतरनाक था और गाइड का मार्ग अवरुद्ध हो गया. इससे वह हमला होने से बचा नहीं पाया. हम मरने वाले टूरिस्ट के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. मृतक को अमेरिका वापस लाया जाएगा. आठ साल पहले दक्षिण अफ्रीका के गौतेंग सफारी पार्क में भी एक शेर की रिकॉर्डिंग के दौरान 30 साल की एक अमेरिकी महिला की मौत हो गई थी.





