आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रदेश में फहराए जाएंगे तीन करोड़ 18 लाख तिरंगे: सीएम योगी

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने आजादी के अमृत महोत्‍सव पर यूपी में 3 करोड़ 18 लाख तिरंगे झंडे फहराए जाने का आह्वान किया है। उनके इस आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में जोर-शोर से तैयारी चल रही है।  2.68 करोड़ तिरंगे आवासीय घरों में लगाए जाएंगे। एक झण्डा गीत ‘जयघोष’ प्रदेश ने तैयार किया है। सीएम ने कहा है कि युवा पीढ़ी को देशभक्ति के लिए प्रेरित करने तथा देश की सुरक्षा और समृद्धि से जोड़ने की हम सबकी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हुई वीडिया कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई सभी राज्यों की बैठक में यह बात कही। ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के आयोजन के सम्बन्ध में यह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा केन्द्रीय संस्कृति मंत्री जी0 किशन रेड्डी की अध्यक्षता में हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आजादी के अमृत महोत्सव के विजन को देश में उत्साह और उमंग के साथ पूरा किया जा रहा है। आगामी 11 से 17 अगस्त, 2022 तक ‘स्वतंत्रता सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम0एस0एम0ई0 विभाग द्वारा 02 करोड़ तिरंगे की खरीद की प्रक्रिया जेम पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। 01 करोड़ 18 लाख तिरंगे प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों, एन0जी0ओ0, निजी सिलाई केन्द्रों इत्यादि के माध्यम से बनाए जा रहे हैं

15 अगस्त को देश में 100 करोड़ से अधिक लोग तिरंगा फहराएंगे
अमित शाह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम देश के बच्चों, युवाओं सहित सभी नागरिकों के मन में देशभक्ति जागृत करने का विशिष्ट आयोजन है। देश के 100 करोड़ से अधिक लोग अपने घर में तिरंगा फहराएंगे।

यह कार्यक्रम दुनिया का अपने स्तर का पहला कार्यक्रम है, जिसमें देशवासी देश के झण्डे को फहराएंगे। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, पोस्ट ऑफिस इत्यादि से तिरंगे प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई, 2022 से सरकारी वेबसाइटों पर इस कार्यक्रम के ‘लोगो’ एवं ‘स्लोगन’ प्रदर्शित किए जाएं। 11 से 14 अगस्त तक स्कूलों में प्रभात फेरी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 13 अगस्त, 2022 को लोग अपने घर में झण्डा फहराकर अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं।

Back to top button