दोहरे पश्चिमी विक्षोभ ने राजधानी लखनऊ समेत पूरे यूपी को अपनी चपेट में लिया…

दोहरे पश्चिमी विक्षोभ ने राजधानी लखनऊ समेत पूरे यूपी को अपनी चपेट में ले लिया है। सोमवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश से दिन का अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि मंगलवार को भी आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर हरियाणा की तरफ से यूपी में दाखिल हुआ। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मध्य क्षोभमंडल पर हरियाणा के ऊपर चक्रवाती स्थिति बनी हुई है।

इसी बीच पाकिस्तान के ऊपर भी मध्य क्षोभमंडल पर ही ऐसी ही चक्रवाती स्थिति बनने लगी। इससे बने दबाव के क्षेत्र की वजह से आगे चल रहा पश्चिमी विक्षोभ बंगाल की खाड़ी से नम हवाओं को तेजी से खींच रहा है। दूसरी ओर पाकिस्तान के ऊपर वाला विक्षोभ दक्षिण पश्चिम में अरब सागर से उठ रही नम हवाओं का खींच रहा है। दोनों उत्तर प्रदेश के ऊपर आपस में टकरा रहे हैं। यही वजह है जो बारिश का सिलसिला लम्बा खिंच गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में धूल भरी हवाओं, गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि और तेज बारिश के आसार बने हुए हैं।

मौसम आगामी दो दिन यानी तीन मई तक बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। इस दौरान लोगों को गर्मी से राहत भी मिलेगी, मौसम खुशनुमा बना रहेगी। मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में 40 से 50 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलने, आंधी-बारिश के आसार को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। चार मई तक ये हालात बने रहने के आसार हैं।

Back to top button