दम घुटने से दो बच्चों की मौत : सर्दी से बचने के लिए जलाई अंगीठी बनी काल

लखीमपुर खीरी के मैलानी में सर्दी से बचाव के लिए कमरे में जलाकर रखी अंगीठी दो बच्चों के लिए काल बन गई। कस्बे के मोहल्ला वार्ड नंबर-12 में अंगीठी के धुएं से दम घुटने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। उनके माता-पिता की हालत गंभीर हैं। इन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। इस घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। 

मैलानी कस्बे के वार्ड नंबर 12 में रमेश विश्वकर्मा अपनी पत्नी रेणु और दो बच्चों अंशिका (7) और कृष्णा (8) के साथ कमरे में सोए थे। उन्होंने सर्दी से बचाव के लिए कमरे में अंगीठी जलाई थी। कमरे का दरवाजा बंद होने से धुआं भरता रहा। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई। 

कमरे से कोई आवाज नहीं आई। इस पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गए। बिस्तर पर कृष्णा और अंशिका मृत पड़े थे। दंपती बेहोश थे। परिजन उनको लेकर अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत होने उन्हें लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।  

Back to top button