राजोरी के युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गेस्ट हाउस में मिला

राजोरी के दो युवकों की गेस्ट हाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, नशे की ओवरडोज को मौत की वजह माना जा रहा है।
शहर के ज्यूल चौक इलाके के एक गेस्ट हाउस से राजोरी के एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। युवक बुधवार रात को अपने दोस्त के साथ गेस्ट हाउस में एक दिन के लिए रुकने आया था। वीरवार को चेक आउट के समय लगातार आवाज लगाने पर भी दरवाजा न खोलने पर गेस्ट हाउस के मैनेजर को शक हुआ।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई।नशे की ओवरडोज को मौत की वजह बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। एक माह पहले भी इसी कमरे में एक युवक मृत मिला था। उसके परिवारवाले एक दिन पहले बुधवार को कमरे में पूजा करके गए थे। गेस्ट हाउस के मैनेजर होशियार सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे दो युवक गेस्ट हाउस में रुकने के लिए आए। एक युवक का नाम संजीव कुमार और दूसरे युवक का जसप्रीत सिंह था। दोनों अपने आपको राजोरी जिले का निवासी बता रहे थे।
दोनों युवकों के पहचान पत्र जमा करने के बाद उन्हें कमरा नंबर 14 में भेज दिया। वीरवार को चेकआउट के समय जब गेस्ट हाउस के कर्मचारी कमरे को खाली करवाने और सफाई के लिए पहुंचे तो बार-बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी दोनों युवकों ने दरवाजा नहीं खोला।
कमरे के अंदर से एक युवक बार-बार थोड़ी देर बाद दरवाजा खोलने की बात कहता रहा।करीब तीन घंटे बाद फिर से गेस्ट हाउस के कर्मचारी दरवाजा खुलवाने के लिए पहुंचे, तो भी युवक दरवाजा खोलने में आनाकानी करता रहा। इस पर गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने सख्ती दिखाई, तो युवक ने दरवाजा खोला।
दरवाजा खोलने के बाद गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने देखा कि जसप्रीत बेड पर लेटा हुआ है। कर्मचारियों ने जसप्रीत से संजीव के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह नीचे जमीन पर सोया हुआ है और काफी देर से जग नहीं रहा।
इस पर गेस्ट हाउस कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को संजीव मृत मिला। पुलिस ने संजीव के शव को जीएमसी के शवगृह में भिजवाया। वहीं, जसप्रीत के शरीर में सूजन होने पर उसे इलाज के लिए जीएमसी में भर्ती कराया गया है।
एसएचओ नवाबाद दीपक पठानिया ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों युवकों के घरवालों को भी सूचित कर दिया गया है। उनसे बात करने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ेगी। पुलिस घटना के दूसरे बिंदुओं की भी जांच कर रही है।
महीने भर पहले इसी कमरे से मिला था एक और शव
दो जनवरी को भी इसी गेस्ट हाउस के इसी 14 नंबर कमरे से किश्तवाड़ निवासी 20 वर्षीय युवक रोहित कुमार का शव मिला था। रोहित दो दोस्तों के साथ रात में गेस्ट हाउस में आया था। कुछ घंटों का बाद रोहित के दोनों दोस्त चले गए, लेकिन रोहित कमरे में ही रहा। अगली सुबह करीब दस बजे रोहित का शव कमरे से मिला। पुलिस उस मामले का भी अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। मामले में अभी तक जांच जारी है। उस मामले में भी नशे को ही मौत की वजह माना जा रहा था, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की थी। गेस्ट हाउस के प्रबंधक होशियार सिंह ने बताया कि बुधवार को ही रोहित के घरवाले कमरे में पूजा करके गए थे।





