कांग्रेस पूरी तरह से तैयार हैं बीजेपी को मात देने के लिए: शशि थरूर

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे शशि थरूर ने चुनावी घोषणा पत्र जारी किया है। घोषणा पत्र में उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों का कार्यकाल सीमित करने की वकालत की है। साथ ही उन्होंने 2024 के आम चुनावों में भाजपा से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस को पुनर्जीवित और फिर से सक्रिय करने की जरूरत बताई है।

चुनाव से पीछे नहीं हटूंगा- थरूर

थरूर ने अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वह चुनाव से पीछे नहीं हटेंगे। दरअसल, कयास लगाए जा रहे थे कि कम समर्थन के कारण थरूर अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर हो सकते हैं। उन्होंने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि वह अभी भी मैदान में हैं और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों से समर्थन मिल रहा है

थरूर ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ‘मेरा संदेश पार्टी को पुनर्जीवित करना, इसे फिर से सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना और लोगों के संपर्क में रहना है। मेरा मानना है कि कांग्रेस 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी भाजपा को टक्कर देने के लिए राजनीतिक रूप से तैयार हो जाएगी।’

‘कांग्रेस में सुधार की जरूरत’

थरूर ने आगे कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए मेरे मन में सम्मान है। अध्यक्ष पद का चुनाव मैत्रीपूर्ण प्रतिस्पर्धा है। इसका विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं है, क्योंकि हम एक ही पार्टी से हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी पार्टी में काम करने की सुधार करने की जरूरत है। हमें पार्टी में युवाओं को लाने और उन्हें जिम्मेदारी देने की आवश्यकता है। हमें कड़ी मेहनत करने वाले और पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देना होगा।

थरूर के घोषणापत्र में क्या-क्या?

थरूर ने अपने घोषणापत्र में सत्ता का विकेंद्रीकरण, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाना, पार्टी के राज्य प्रभारी का इस्तेमाल देश निर्माण से जुड़ी गतिविधियों लिए करना और प्रदेश अध्यक्षों का कार्यकाल सीमित करना और उन्हें निर्णय लेने देना जैसी 10 बातें शामिल हैं।

Back to top button