खत्म हुई इस बॉक्सर की जिंदगी, पहला मैच ही बना आखिरी

सिंगापुर में भारतीय मूल के एक 32 वर्षीय बॉडी बिल्डर प्रदीप सुब्रह्मण्यम के लिए बदकिस्मती से अपने जीवन का पहला ही मैच आखिरी साबित हुआ। थाई किक-बॉक्सिंग मैच के बाद दिल का दौरा पड़ने की वजह से उन्होंने दम तोड़ दिया।

प्रदीप सुब्रह्मण्यम शनिवार शाम एशियन फाइटिंग चैंपियनशिप के तहत मरीना बे सैंडस में सेलिब्रिटी मुआय थाई मैच में यूटयूब सेलिब्रिटी स्टीवन लिम (42) के खिलाफ उतरे थे। सिंगापुर में ‘वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग एंड फिजिक स्पोर्ट्स फेडरेशन’ के अध्यक्ष प्रदीप ने चैंपियनशिप में सिंगापुर आइडल (संगीत रियलिटी शो) के पूर्व उपविजेता एवं गायक सिलवेस्टर सिम की जगह ली थी। सिम बीमा संबंधी मुद्दों को लेकर मैच से हट गए थे।
रेफरी ने मैच शुरू होने के पांच मिनट बाद सुब्रह्मण्यम की नाक से खून बहता देखा। इसके बाद मुकाबला खत्म हो गया। इसके बाद लिम को विजेता घोषित कर दिया गया। स्थानीय खबरों के मुताबिक सुब्रह्मण्यम के सिर पर चोटें लगी थीं। वह मैच खत्म होने के बाद भी खड़े थे। बाद में वह बेहोश होते दिखे। उन्हें रिंग के बाहर ले जाया गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल के मुताबिक किक-बॉक्सिंग मैच के बाद सुब्रह्मण्यम को दिल का दौरा पड़ा था। इससे उनकी मौत हुई। सुब्रह्मण्यम के प्रतिद्वंद्वी लिम और आयोजकों ने उनके निधन पर शोक जताया।
मंच के पास मौजूद स्टाफ सदस्य के मुताबिक पहले दौर में ऐसा लग रहा था कि प्रदीप जीत रहा है। मगर दूसरे राउंड में स्टीवन ने उन पर जोरदार पंच जड़ने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में मुझे लगा कि यह जरा सी बेहोशी है क्योंकि दिल का दौरा पड़ने के कोई संकेत नहीं थे। बाद में उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां दिल का दौरा पड़ने की बात पता चली।’





