ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाले इस खिलाड़ी पर बनेगी बायोपिक, पहली बार परदे पर होगी ये जोड़ी

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और एथलीट मिल्खा सिंह के बाद अब एक और खिलाड़ी की कहानी परदे पर आने वाली है। अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर बड़े परदे पर इस किरदार को निभाते हुए नजर आएंगे। हर्षवर्धन ने 2016 में रिलीज हुई फिल्म ‘मिर्जिया’ से डेब्यू किया था।
निर्देशक भावेश जोशी ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट शूटर अभिनव बिंद्रा की जिंदगी पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। गौरतबल है कि अभिनव बिंद्रा 1998 के कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलने वाले सबसे कम उम्र (15 साल) के खिलाड़ी भी बने थे। इस फिल्म की शूटिंग अगले साल जनवरी में शुरू होने की उम्मीद है।
फिल्म में अनिल कपूर भी होंगे जो अभिनव बिंद्रा के पिता का किरदार निभाएंगे। ऐसा पहली बार होगा जब बाप-बेटे की यह जोड़ी साथ में परदे पर दिखाई देगी। सूत्रों के मुताबिक दोनों एक्टर जल्द ही पंजाब जाएंगे, जहां वह रोल की तैयारियां करेंगे। अभिनव बिंद्रा मूलत: चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। फिल्म की तैयारियों को लेकर हर्षवर्धन ने अभिनव बिंद्रा से मुलाकात भी की थी।
हर्षवर्धन कपूर अभिनव बिंद्रा की बायोपिक करने के लिए किसी भी प्रकार की कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा के जीवन पर बन रही फिल्म में उनके बचपन से लेकर अब तक के सफर को दर्शाया जाएगा। अपनी भूमिका को सही तरीके से निभाने के लिए हर्षवर्धन कपूर को वजन घटाना और बढ़ाना भी होगा ताकि वह छोटे और बाद में बड़े भी दिखाई दें।