अाजमगढ़ में दुष्कर्म के आरोपी को ग्रामीणों ने पीट कर मार डाला
आजमगढ़। सोमवार देर शाम मां के साथ जा रही एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को ग्रामीणों ने लाठी डंडे से पीट कर मार डाला। इसी बीच मौका पाकर एक अन्य आरोपी बाइक से फरार हो गया। मऊ जिले का निवासी गुड्डू मुसहर (25) अपने एक दोस्त के साथ बाइक से तरवां क्षेत्र की तरफ आया था। वहां गांव की एक महिला अपनी 15 वर्षीय पुत्री के साथ घर जा रही थी। बाइक सवार गुड्डू ने महिला से पता पूछा।
फिर दोनों बाइक सवार युवक कुछ दूर जाने के बाद वापस लौटे और किशोरी के साथ जबरदस्ती करने लगे। मां-बेटी के शोर मचाने पर दोनों युवक मौके से निकल लिए। कुछ दूर जाने के बाद फिर वापस आकर किशोरी को जबरदस्ती बाइक पर बैठा लिए और फरार हो गए। किशोरी की मां शोर मचाते हुए गांव की तरफ दौड़ी। शोरगुल सुनकर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे के साथ बाइक सवार युवकों का पीछा किया। ग्रामीण कुछ आगे बढ़े तो दोनों आरोपी दिखाई पड़ गए।
उसी दौरान रोशनी देखकर बाइक समेत एक आरोपी फरार हो गया जबकि पकड़ में आए गुड्डू को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और लाठी से पीटकर उसे अधमरा कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल आरोपी युवक को पीएचसी ले गई, जहां से मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस नेमंगलवार सुबह पीडि़त परिवार की तहरीर पर दो के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
छात्रा को बांध कर खिलाया जहर, मौत
कुछ युवकों ने शिव मंदिर से पूजा कर लौटते समय छात्रा को अगवा कर जहर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कसावा के मजरा दलङ्क्षसहपुर निवासी बटेश्वर की पुत्री संध्या (20) प्रेमपुर स्थित एक कालेज में बीटीसी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। परिवारीजन के मुताबिक सोमवार शाम वह गांव के शिव मंदिर में पूजा करने निकली थी।
लौटते समय कुछ युवकों ने उसे अगवा कर लिया। कुछ दूर सरसों के खेत में ले जाकर जबरन जहर खिलाने के बाद हाथ पैर बांधकर डाल दिया। वह शोर न मचा सके, इसलिए मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया। छात्रा के काफी देर तक न लौटने पर खोजबीन में परिवारीजन खेत के पास से निकले तो कराहने की आवाज आई।
अंदर पहुंचने पर संध्या बंधी पड़ी मिली। मुंह से झाग निकलता देख उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। हालत में सुधार न होने पर सुबह नगला दिलू स्थित सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एसपी हरीश चंदर ने बताया कि घटनास्थल देखने के बाद मामला संदिग्ध दिख रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच्चाई सामने आएगी।





