2 साल के बच्चे ने छू लिया ऐसा पौधा, त्वचा पर पड़ गए छाले

फूल-पौधे हर कोई घर के गार्डन में लगाना चाहता है, ताकि हरियाली बनी रहे. लेकिन अगर गलती से भी कोई जहरीला पौधा आपके घर के आसपास उग आए, तो आपके बच्चे के लिए जानलेवा हो सकता है. अब 2 साल के इस बच्चे को ही देखिए. सुबह-सुबह मां इसे लेकर टहलने के लिए निकली थी. लेकिन घर के पास ही इसने एक जहरीला पौधा छू लिया. फिर जो हालत हुई कि त्वचा पर फफोले पड़ गए. काटकर बाहर निकालना पड़ा. वरना जान जाने की नौबत आ गई थी.
मेट्रो की रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड के समरसेट में रहने वाला यह परिवार रोजाना की तरह टहलने निकला था. लेकिन 2 साल का केवॉन राइट टहलते हुए सड़क के किनारे लगे एक पौधे तक पहुंच गया. उसके बाद उसके चेहरे और हाथों पर लाल धब्बे हो गए. शुरू में तो लगा कि चिकनपॉक्स है, लेकिन कुछ ही घंटों में ये चकत्ते दर्दनाक फफोले में बदल गए. हालत इतनी खराब हो गई कि उसे तुरंत बर्न यूनिट में भर्ती कराना पड़ा. डॉक्टरों को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर ये हुआ कैसे?
पूरे चेहरे पर छाले भर गए
दो दिन बाद पता चला कि उसकी इस हालत की वजह हॉगवीड पौधा (Hogweed Plant) था. बच्चे की मां सामन्था मॉर्गन ने कहा, उसे ठीक उसी तरह की जलन हो रही थी, जैसे किसी के ऊपर खौलता हुआ तेल फेंक दिया गया हो. पूरे चेहरे पर छाले भर गए और वे उसके पूरे मुंह के अंदर तक फैल गए. गाल पर एक बड़ा छाला था, जिससे पस रिस रहा था. जब हम ब्रिस्टल बर्न यूनिट में गए तो उन्हें कुछ त्वचा हटानी पड़ी. वह सबसे भयावह पल था. मैं अपने बेटे की चीख को कभी नहीं भूलूंगी. डॉक्टर उसकी खाल उतार रहे थे, और वह चिल्ला रहा था. वह इतना दर्द में था कि वह बिल्कुल सुस्त हो गया था. वह बस हाथों और पैरों पर पट्टियां बांधे अस्पताल के बिस्तर पर लेटा हुआ था.
हॉगवीड बेहद जहरीला पौधा
हॉगवीड एक बेहद जहरीला पौधा है. यह अगर स्किन पर लग जाए तो रोशनी में आते ही सूर्य की पराबैगनी किरणें सीधे स्किन को जलाना शुरू कर देती हैं. इतनी तेज दर्द होता है, जैसे लगे कि कोई आग से जला रहा हो. हॉगवीड के रस में फुरानोकौमरिन नामक हानिकारक रसायन होते हैं जो सूर्य के प्रकाश के साथ मिलकर फाइटोफोटोडर्माटाइटिस का कारण बन सकते हैं. इससे त्वचा में गंभीर सूजन आती है. यहां तक कि अगर सही से इलाज न हो तो जान जाने तक की नौबत आ जाती है.





