पंजाब में साले पर तानी पिस्तौल, ट्रिगर जाम हुआ तो खंजर मारने की कोशिश
लुधियाना। सलेमटाबरी इलाके में घर के बाहर बैठे एक युवक पर उसके जीजा ने पिस्तौल तान दी, जब पिस्तौल न चली तो आरोपी खंजर लेकर साले के पीछे भागा। बमुश्किल जान बचाकर भागे युवक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना सलेमटाबरी पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों पर आरोपी जमालपुर कॉलोनी निवासी मनमोहन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या की कोशिश व आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पंजाब में साले पर तानी पिस्तौल, ट्रिगर जाम हुआ तो खंजर मारने की कोशिश
कुलजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह कपड़े की दुकान पर नौकरी करता है। उसकी बड़ी बहन की शादी मनमोहन के साथ 1994 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैैं। मनमोहन नशा करने का आदी है और अक्सर इसी वजह से वह उसकी बहन से मारपीट करता था। इससे तंग आकर उसकी बहन मायके में आकर रहने लगी और कोर्ट में तलाक का केस दायर कर दिया।
दो बार दबाया ट्रिगर
कुलीजत ने बताया कि उसकी बहन का बेटा अमनदीप माता-पिता दोनों के पास आता जाता रहता है, लेकिन बेटी जससिमरन उसकी बहन के साथ ही रहती है। कुलजीत के मुताबिक शनिवार दोपहर वह अपने घर के बाहर बैठे थे। इस दौरान आरोपी मनमोहन सिंह आया और उसके साथ गाली-गलौच करने लगा। उन्होंने विरोध किया तो हाथापाई पर उतारू हो गया। तभी उसने अपने पास रखी पिस्तौल निकाली और कुलजीत पर तान दी।
आरोपी ने एक बार ट्रिगर दबाया, गोली नहीं चली, उसने दोबारा ट्रिगर दबाया गोली फिर नहीं चली। जिसके बाद आरोपी ने जेब से खंजर निकाला और कुलजीत के पीछे भागने लगा। जिसके बाद उसने आरोपी से पीछा छुड़ाकर अपनी जान बचाई। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, जांच अधिकारी एएसआइ जनकराज ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
दोस्त से लाया था पिस्तौल
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास पिस्तौल नहीं है। वह अपने किसी दोस्त से पिस्तौल मांगकर लाया था। लेकिन उक्त पिस्तौल लाइसेंसी है या देसी। इसकी जांच जारी है।





