दस मिनट हुई अरविंद से फोन पर बात, बोले- होली पर जाऊंगा घर…पर विधाता को कुछ और ही था मंजूर

हिमस्खलन में अकाल मौत का शिकार हुए हाईवे चौड़ीकरण कार्य में जुटी कंपनी के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद ने 27 फरवरी की रात माणा गांव के ग्राम प्रधान/प्रशासक पीतांबर मोल्फा से करीब दस मिनट तक मोबाइल पर बात की। हमेशा की तरह वे हंसी मजाक करते रहे।
उस बातचीत को याद करते हुए पीतांबर बताते हैं कि अरविंद ने कहा कि प्रधान जी यहां बर्फ जम गई है। 10 मार्च को होली पर घर जा रहा हूं लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था। जब 28 फरवरी को उनको माणा में हिमस्खलन की सूचना मिली तो उन्होंने सबसे पहले अरविंद को ही फोन किया, लेकिन तब तक वह बर्फ में दब चुके थे।
पीतांबर मोल्फा ने बताया कि अरविंद बेहद हंसमुख और मिलनसार थे। अक्सर उनसे माणा क्षेत्र के बारे में जानकारी लेते रहते थे।
वे बताते हैं कि अरविंद गोकुल धाम, न्यू कॉलोनी, क्लेमेंटटाउन देहरादून निवासी थे।
माणा से माणा पास हाईवे के चौड़ीकरण कार्य के कारण वह सुबह करीब नौ बजे सीमा क्षेत्र में जाते थे और शाम को बेस कैंप माणा पहुंच जाते थे।
अरविंद के पिता देवेंद्र कुमार सेना में थे। रविवार को जब बर्फ में दबे अरविंद का शव बरामद हुआ तो पीतांबर भी भावुक हो उठे। वे कहते हैं कि इस घटना ने उन्हें झकझोर दिया है।