अध्यापकों का आंदोलन 38 वें दिन भी जारी, विधायकों के आवास का किया घेराव

पंजाब में अध्यापकों का आंदोलन 38 वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान सूबे के विभिन्न जिलों में अध्यापकों ने जनप्रतिनिधियों के आवास का घेराव किया। पटियाला में शाम को आंदोलनकारी अध्यापकों ने तय कार्यक्रम के मुताबिक कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा की कोठी का घेराव करने के लिए रोष मार्च शुरू किया। पुलिस ने अध्यापकों को मंत्री के आवास स्थान से पहले वाईपीएस चौक में ही रोक लिया। अध्यापकों का आंदोलन 38 वें दिन भी जारी, विधायकों के आवास का किया घेराव

इस कारण गुस्साए अध्यापकों ने वहीं पर धरना लगा दिया। मंगलवार को आंदोलन के 38वें दिन 11 अध्यापक भूख हड़ताल पर बैठे। बुधवार को राजपुरा में कांग्रेसी विधायक हरदियाल सिंह कंबोज और समाना में निर्मल सिंह शुतराणा की कोठी का घेराव करने का एलान किया गया। प्रदेश कनवीनर सुखविंदर चाहल, प्रदेश को-कनवीनर हरदीप सिंह टोडरपुर, दीदार सिंह मुदकी, गगन राणू ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से एसएसए/रमसा अध्यापकों को पूरे ग्रेड में पक्का करने की बजाय उनकी तनख्वाहों में 65 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक कटौती कर दी गई है।

यह बहुत ही गलत फैसला है। जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। साथ ही मांग की कि पढ़ो पंजाब पढ़ाओ पंजाब प्रोजेक्ट को बंद करके सिलेबस आधारित पढ़ाई लागू करके स्कूलों की शिक्षा को दोबारा पटरी पर लाने, स्टूडेंट्स के रहते सारे वजीफे और वर्दियों के लिए ग्रांटों की राशि बढ़ाकर जारी करने की भी मांग की गई। 

विधायक कुलदीप का घर घेरा

लुधियाना में सांझा अध्यापक मोर्चा ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही विधायक कुलदीप सिंह वैद के घर का घेराव कर मांगें पूरी करने के लिए नारेबाजी की। प्रशासन की अध्यापकों को कुलदीप वैद के घर तक जाने से रोकने के लिए की गई कोशिश नाकाम रही। अध्यापकों के रोष को देखते हुए प्रशासन पीछे हट गया। अध्यापकों ने कुलदीप वैद के घर के मुख्य द्वार पर धरना लगाया। अध्यापक करीब डेढ़ घंटे तक बैठे रहे।  नेताओं ने कहा कि 7 अक्तूबर से पटियाला में चल रहे अध्यापकों क पक्के मोर्च से बौखला कर सरकार रोज नए फरमान जारी कर रहा है। कैप्टन सरकार लोकतंत्र का लगातार निरादर कर रही है। 

बठिंडा में पुलिस ने धक्कामुक्की कर किया बल प्रयोग
बठिंडा में भी  मांगों को लेकर विधानसभा के डिप्टी स्पीकर अजायब सिंह भट्टी के आवास का घेराव करने जा रहे अध्यापकों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस व अध्यापकों में जमकर धक्कामुक्की हुई जिसमें पुलिस ने अध्यापकों पर हलके बल का भी प्रयोग किया व कुछ अध्यापकों पर लाठियां भी भांजी।

अध्यापकों ने सांझा अध्यापक मोर्चा के नेतृत्व में डिप्टी स्पीकर के आवास का घेराव करने का ऐलान किया था जिसे लेकर पुलिस प्रशासन पहले ही मुस्तैद थी। बरनाला में पूर्व कांग्रेसी विधायक केवल ढिल्लो की कोठी घेरने जा रहे अध्यापकों की मंगलवार को पुलिस के साथ हाथापाई हो गई। पुलिस ने अध्यापकों को धक्के मारे और ढिल्लो की कोठी तक नहीं पहुंचने दिया। इस पर अध्यापकों ने वहीं पर रोष प्रदर्शन किया। 

Back to top button