T20 World Cup से पहले इंग्लैंड ने रचा इतिहास

इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अपनी गेंदबाजी के दम पर एक हारी हुई बाजी पलट दी। महज 128 रनों के छोटे से लक्ष्य का बचाव करते हुए इंग्लैंड ने श्रीलंका को 116 रनों पर ढेर कर दिया और 12 रनों की रोमांचक जीत के साथ सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। ये इंग्लैंड के टी20 इतिहास में बचाया गया अब तक का सबसे छोटा स्कोर है।
सैम करन की पारी ने बचाई लाज
मैच की शुरुआत इंग्लैंड के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम 11वें ओवर में 60 रन पर 6 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट पीठ में खिंचाव के कारण नहीं खेल पाए और उनकी जगह आए बेन डकेट पहली ही गेंद पर दुष्मंथा चमीरा का शिकार बने।
मुश्किल समय में सैम करन ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। करन ने 48 गेंदों में 58 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था। उन्होंने लियाम डॉसन (14) के साथ 47 रनों की साझेदारी कर टीम को 128 के स्कोर तक पहुंचाया। श्रीलंका की ओर से दुष्मंथा चमीरा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 5 विकेट झटके, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
श्रीलंकाई टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई
इसके जवाब में 129 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन इंग्लैंड की फिरकी के सामने मिडिल ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया। जैकब बेथेल और विल जैक्स की स्पिन जोड़ी ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
आखिरी 5 ओवर में 32 रन की जरूरत थी
मैच का असली टर्निंग प्वाइंट तब आया जब श्रीलंका को आखिरी 5 ओवरों में 32 रनों की जरूरत थी। विल जैक्स ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, लेकिन युवा जैकब बेथेल ने महफिल लूटी। बेथेल ने अपने स्पेल की आखिरी 8 गेंदों के अंदर 4 विकेट चटकाकर श्रीलंका की पारी का अंत कर दिया। उन्होंने 11 रन देकर 4 विकेट लिए, जिसमें महेश तीक्ष्णा का आखिरी विकेट भी शामिल था।
World Cup से पहले बढ़ा कॉन्फिडेंस
7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप से पहले ये जीत इंग्लैंड के लिए ‘बूस्टर डोस’ की तरह है। विश्व कप से पहले मेजबान श्रीलंका की धरती पर इंग्लैंड ने 3-0 से सीरीज जीती, बल्कि एक प्रमुख आईसीसी टीम के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड भी बनाया। श्रीलंका को इंग्लैंड ने लगातार 11 टी20 मैचों में हराते हुए ये रिकॉर्ड बनाया। इंग्लैंड ने विदेशी धरती पर अपने सबसे कम टी20 स्कोर को डिफेंड करने का कमाल भी कर दिखाया है।





