सुनील शर्मा ने दी चेतावनी; बजट में जम्मू की अनदेखी हुई, तो चुप नहीं बैठेंगे

नेकां सरकार की मौजूदा कार्यप्रणाली का झुकाव एक विशेष क्षेत्र की तरफ है। अन्य क्षेत्रों की अनदेखी हो रही है। यदि बजटीय आवंटन में भी सरकार का यही रुख रहा, तो सदन में इसका कड़ा मुकाबला करेंगे। यह चेतावनी विपक्ष के नेता व भाजपा विधायक सुनील शर्मा ने दी। कहा कि सात साल के अंतराल के बाद बजट पेश किया जा रहा है।
इस सत्र में समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा करते हुए जनता के हितों को जोरदार तरीके से रखेंगे। बजट सत्र में भाजपा की रणनीतिक बैठक में सुनील ने कहा कि सरकार पर चुनाव से पहले किए वादों को पूरा करने का दबाव भी बनाया जाएगा। बैठक में भाजपा के जम्मू जिले से सभी विधायक मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने भी विधायकों से कहा कि सरकार के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने में सभी मोर्चों पर विफलता के लिए आक्रामक तरीके से उठाएं। उन्होंने पार्टी विधायकों से जम्मू-कश्मीर के लोगों के समक्ष आने वाले सभी मुद्दों की विस्तृत सूची बनाने को कहा। पार्टी के संगठन मंत्री अशोक कौल ने विधायकों से उन लोगों के मुद्दों को पेश करने को कहा, जिन्हें प्रतिनिधित्व नहीं मिला। खासकर उन लोगों के जिन्हें पिछली सरकारों में नजरअंदाज किया गया। बैठक में विधायक नरिंदर सिंह, शाम लाल शर्मा, युद्धवीर सेठी, अरविंद गुप्ता, सुरिंदर भगत, गारू राम भगत, मोहन लाल भगत, राजीव भगत और जिला अध्यक्ष रिंकू चौधरी भी मौजूद रहे।
स्टेटहुड का रोना छोड़ वादे पूरे करे नेकां
भाजपा प्रवक्ता और जम्मू की पूर्व डिप्टी मेयर एडवोकेट पूर्णिमा शर्मा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस पर तीखा हमला किया। कहा कि नेकां स्टेटहुड का रोना छोड़कर लोगों से किए गए वादे पूरे करे। चुनाव के करीब चार माह बाद भी एक भी वादा पूरा नहीं किया गया है। नेकां ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली, 13 एलपीजी सिलिंडर प्रति वर्ष, एक व्यापक राज्य स्वास्थ्य नीति, सरकारी विभागों में रिक्त पदों को तत्काल भरने समेत कई वादे किए थे। ये सारे हवा हो गए।





