बिहार: चीनी मिल का बॉयलर फटने से 5 मजदूरों की मौत, 7 घायल

बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में चीनी (शुगर) मिल का बॉयलर फटने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर सासामूसा चीनी मिल में बुधवार रात लगभग 11.30 बजे बॉयलर अत्यधिक गर्म होने की वजह से फट गया. और घटना जिस समय हुई उस समय कई मजदूर मिल में काम कर रहे थे.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस  घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ही ट्वीट कर संवेदना व्यक्त  की. नीतीश कुमार ने पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि गोपालगंज जिले के चीनी मिल का बॉयलर फटने से उसमें मरने वाले सभी मजदूरों के परिवार वालों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के रूप में दी जायेगी.

PM मोदी ने किया विराट-अनुष्का का Welcome, ये तस्वीरें-वीडियो बताएंगी सच

इस घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है जबकि 7 लोग बुरी तरह से घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के वक्त मौजूद कर्मचारियों का कहना है, ‘बॉयलर में ओवर हीटिंग के कारण ब्लास्ट हुआ.’ कुचायकोट के थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि सभी घायलों को गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सभी घायल 90 प्रतिशत से ज्यादा जली अवस्था में हैं. गंभीर रूप से घायल लोगों को पटना भेजा दिया गया है.

मृतकों की पहचान कुचायकोट के खजूरी गांव निवासी अर्जुन कुमार, कृपा यादव, विक्रम यादव, कन्हैया शर्मा और उत्तर प्रदेश के मोहम्मद शमसुद्दीन के रूप में की गई है. स्थानीय लोगों को कहना है कि कई मजदूर अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं. इस कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है.घटना के बाद स्थानीय लोग गुस्से में हैं. आक्रोशित लोगों ने मिल के मालिक महमूद अली के घर पर धावा बोलकर उनके घर और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है. घटना के बाद कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. राहत एवं बचाव कार्य जारी है.

Back to top button