टीम इंडिया में वापसी पर बोले अश्विन, दिया चौकाने वाला बयान

चेन्नई। दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन वेस्टइंडीज दौरे के बाद से सीमित ओवरों के प्रारूप में टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। इस दौरान भारतीय टीम में अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव को आजमाया जा रहा है। काउंटी क्रिेकेट के बाद इन दिनों रणजी ट्रॉफी खेल रहे अश्विन ने छोटे प्रारूप के लिए टीम इंडिया में वापसी को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है।
अश्विन ने कहा, मैं सीमित ओवरों के फॉर्मेट में भारतीय टीम में वापसी को लेकर उतावला नहीं हूं। मैंने कोई ऐसा गलत काम भी नहीं किया है और मेरा खेल इतना बुरा भी नहीं है कि मैं लंबे समय तक बाहर रहूं। एक दिन किस्मत मेरा दरवाजा खटखटाएगी तब मैं दोनों हाथों से उस मौके को भुनाने को तैयार रहूंगा। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा।
BCCI ने क्रिकेटर्स को दी कड़ी चेतावनी, अगर इस टूर्नामेंट में खेले तो जायेंगे बाहर
2015 विश्व कप के बाद से अश्विन मात्र 15 वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर पाए हैं जबकि इस दौरान अक्षर पटेल ने 23 और रवींद्र जडेजा ने 17 वनडे खेले। अश्विन को श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज और फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए टीम से बाहर किया गया था। सिलेक्शन कमेटी प्रमुख एमएसके प्रसाद ने कहा था कि 2019 विश्व कप के लिए टीम में चुने जाने में फिटनेस की अहम भूमिका रहेगी। कोच रवि शास्त्री भी पूरी तरह फिट टीम विश्व कप में उतारना चाहते हैं।





