राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बने साउथ के सुपरस्टार कमल हासन…

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 108वें दिन शनिवार को दिल्ली पहुंची। यात्रा में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा भी शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा में ना केवल राजनीति बल्कि दूसरे क्षेत्रों की भी तमाम हस्तियां जुड़ती दिखी हैं। यात्रा के दिल्ली पहुंचने पर साउथ के सुपरस्टार कमल हासन ने ज्वॉइन किया। कमल हासन राहुल गांधी के साथ चलते हुए दिखाई दिए। उनके आस-पास भारी भीड़ मौजूद रही। 

ये सेलिब्रिटीज भी राहुल गांधी के साथ दिखे

राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। अभी तक वह करीब 3 हजार किलोमीटर चल चुके हैं। इस दौरान उनकी यात्रा में जगह-जगह बॉलीवुड और टीवी जगत के कई एक्टर्स शामिल हुए। इनमें स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी, अमोल पालेकर, रिया सेन, पूजा भट्ट सहित अन्य लोग हैं।

सुबह गांधी परिवार ने शुरू की यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा जम्मू कश्मीर में जनवरी के अंत में खत्म होगी। राहुल गांधी कुल 12 राज्यों को कवर कर लेंगे। शनिवार को दिन की शुरुआत गांधी परिवार ने एक साथ यात्रा करते हुए की। यह दूसरी बार है जब कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी पदयात्रा में शामिल हुईं। इससे पहले वह अक्टूबर में कर्नाटक के मांड्या में भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनी थीं। 

विजय सेतुपति के साथ अगली फिल्म

कमल हासन के वर्कफ्रंट की बात की करें तो उनकी पिछली फिल्म विक्रम थी। फिल्म 3 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। वर्ल्डवाइड इसने 450 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था। कमल हासन की आने वाली फिल्म निर्देशक एच विनोथ के साथ है। फिल्म में विजय सेतुपति भी अहम रोल में हैं। अभी इस फिल्म का नाम तय नहीं है।

Back to top button