पीरियड्स में कई बार ब्लड फ्लो ज्यादा या कम हो जाता, आइए एक्सपर्ट से जानें इसके मुख्य कारण-

हर महिला के लिए पीरियड्स का अनुभव अलग-अलग हो सकता है। इस दौरान छोटे से छोटा बदलाव जैसे कि पीरियड्स पैन, पीरियड्स ब्लड, मेंस्ट्रुअल साइकिल की अवधि सभी चीज बहुत ज्यादा मायने रखती हैं। ये चीजें महिला के मेंस्ट्रुअल हेल्थ से सीधी तौर पर जुड़ी होती हैं। इसी तरह पीरियड्स में कई बार ब्लड फ्लो ज्यादा या कम होने लगता है। कुछ मामलों में जीवनशैली और खानपान में बदलाव के कारण ब्लड फ्लो में बदलाव आ जाता है। लेकिन अगर यह समस्या लगातार कई महिनों तक बनी रहती है, तो यह कुछ स्वास्थ्य समस्याओं का कारण भी हो सकता है। इस बारे में जानने के लिए हमने बात की बिजनौर की ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ नीरज शर्मा से, जिन्होनें इस बारे में हमसे विशेष जानकारी साझा की। 

पीरियड्स फ्लो में बदलाव आने के कारण 

हार्मोनल असंतुलन

हार्मोनल असंतुलन होना पीरियड्स फ्लो बदलने का सबसे बड़ा कारण हो सकता है। यह प्राकृतिक और अप्राकृतिक दोनों तरीको से हो सकता है। ज्यादा तनाव या चिंता के कारण भी हमारे हार्मोन असंतुलित हो जाते हैं, जो अचानक पीरियड्स फ्लो बदलने का कारण बन सकते हैं। 

पीआईडी से पीड़ित होना

अगर कोई महिला पीआईडी यानी पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज से ग्रस्त है, तो उसका पीरियड्स फ्लो अचानक कम या ज्यादा हो सकता है। इस समस्या में महिला के प्रजनन अंग संक्रमित हो जाते हैं जिससे अंडाशय, गर्भाशय और फैलोपियन ट्यूब में समस्या आ सकती है। 

बर्थ कंट्रोल पिल्स का सेवन

जरूरत से ज्यादा बर्थ कंट्रोल पिल्स भी पीरियड्स फ्लो बदलने का कारण बन सकती है। ये प्रजनन अंग को बहुत ज्यादा नुकसान कर सकती हैं। इसलिए बर्थ कंट्रोल पिल्स लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है। 

डिलीवरी के बाद बदलाव

डिलीवरी के बाद शरीर में कई बदलाव आते हैं। ऐसे में पीरियड्स फ्लो में बदलाव आना साधारण बात है। इसके अलावा ब्रेस्ट फीड कराने वाली महिलाओं में भी पीरियड्स फ्लो देखा जा सकता है। 

वजन में बदलाव आना

अगर आपके वजन में अचानक बदलाव आया है, तो इसके कारण आपके पीरियड्स भी कम या ज्यादा हो सकते हैं। वजन में बदलाव आने पर पूरे शरीर पर प्रभाव पड़ता है, जो पीरियड्स फ्लो में बदलाव आने का कारण बन सकता है।

मेनोपॉज या प्यूबर्टी की स्थिति में पीरियड्स फ्लो में बदलाव आना साधारण कारण है। इस दौरान हमारे हार्मोन में कई बदलाव आते हैं, जो पीरियड्स फ्लो बदलने का कारण बन सकते हैं। 

कुछ खास दवाओं का सेवन

कई बार दवाइयों के सेवन के कारण भी मेंस्ट्रुअल साइकिल में बदलाव आ सकता है। ज्यादा गर्म दवाओं का सेवन भी पीरियड्स फ्लो बढ़ने का कारण बन सकता है। 

थायराइड और ब्लड प्रेशर होना

पीरियड्स फ्लो कम या ज्यादा होने के कारणों में थायराइड और ब्लड प्रेशर की समस्या भी शामिल है। अगर आपका ब्लड प्रेशर अचानक से कम या ज्यादा हुआ है, तो इसके कारण मेंस्ट्रुअल साइकिल भी प्रभावित हो सकती है। 

अगर आपके पीरियड्स अचानक से ज्यादा या कम हुए हैं, तो आपको सबसे पहले इसकी वजह जाननी चाहिए। लेकिन अगर यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, तो बिना देरी किये डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। 

Back to top button