कुछ इस तरह का जैकेट पहनकर प्रवासी बच्चों से मिलने पहुंचीं मेलानिया ट्रंप, मचा बवाल…

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रवासी नीति को लेकर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस विवादित नीति के कारण प्रवासी बच्चों को बाड़े में रखने की तस्वीरों के वायरल होने के बाद गुरुवार को ट्रंप ने इस पर रोक संबंधी आदेश पर हस्ताक्षर किया. लेकिन आज ट्रंप की पत्नी और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के प्रवासी बच्चों से मिलने को लेकर फिर विवाद छिड़ गया. दरअसल, मेलानिया ट्रंप ने बच्चों से मिलने के लिए जो जैकेट पहना था, उस पर विवादित टिप्पणी लिखी थी. इसके बाद से इंटरनेट पर मेलानिया ट्रंप की तस्वीर को लेकर टीका-टिप्पणी शुरू हो गई. मेलानिया ट्रंप ने अमेरिका-मैक्सिको सीमा पर बाल प्रवासियों से मुलाकात करके सबको हैरान कर दिया, लेकिन इसमें जो बात इंटरनेट पर छाई रही, वह थी कि मेलानिया की जैकेट पर लिखा था, ‘मुझे तो बिलकुल भी परवाह नहीं है, क्या आपको है?’
सवाल- मेलानिया ने ऐसी जैकेट पहनी ही क्यों
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने बीते दिनों प्रवासी बच्चों के मसले पर गंभीर टिप्पणी की थी. उन्होंने एक बच्ची के मां से अलग होने को लेकर कहा था कि सरकार को इस नीति पर विचार करना चाहिए, क्योंकि इससे परिवारों पर असर पड़ रहा है. उन्होंने ट्रंप प्रशासन की सख्त प्रवासी नीति को लेकर टिप्पणी की थी. साथ ही माता-पिता से अलग हुए बच्चों को लेकर संवेदना जताई थी. उन्होंने कहा था, ‘बच्चों को परिवार से अलग होते हुए देखना दुखदायी है.’ लेकिन एक दिन बाद प्रवासी बच्चों से मिलने पहुंचीं मेलानिया के कपड़ों ने उल्टा उन्हीं पर सवाल उठा दिया. सवाल उठ रहे थे कि क्या यह परिधान बिना सोचे-समझे पहना गया था या फिर यह प्रथम महिला की ओर से छिपा हुआ संदेश था? अगर ऐसा है तो यह संदेश किसके लिए था? मेलानिया कल जब टेक्सास के लिए विमान में सवार हुई थी तो उन्होंने खाकी रंग की जैकेट पहन रखी थी। उनकी यह तस्वीर तेजी से वायरल हो गई.
न्यूयॉर्क में पीएम मोदी ने किया ‘YO-1 नेचर क्योर सेंटर’ का उद्घाटन
मेलानिया की प्रवक्ता ने कहा- कोई छिपा संदेश नहीं था
मेलानिया ट्रंप द्वारा पहनी गई जैकेट को लेकर इंटरनेट पर सवाल उठने के बाद उनकी प्रवक्ता ने इस संबंध में कही गई बातों को खारिज किया. प्रथम महिला की प्रवक्ता स्टेफनी ग्रिशम ने कहा, ‘इसमें कोई छिपा हुआ संदेश नहीं है. यह एक जैकेट मात्र है. टेक्सास के आज इस अहम दौरे के बाद मैं उम्मीद करती हूं कि मीडिया सारा ध्यान उनके परिधानों पर केंद्रित न करे.’ टेक्सास पहुंचने के बाद मेलानिया ने उस जैकेट की जगह दूसरा पहन लिया था. लेकिन व्हाइट हाउस लौटने के दौरान उन्होंने फिर से वह विवादित जैकेट पहन लिया था.





