सोशल मीडिया स्टार है डॉग, घूम रहा है दुनिया, महंगी ड्रेस पहन दिखाता है अदाएं

आमतौर पर जिस तरह के रुतबे को हासिल करने में इंसान को अच्छा-खासा वक्त लग जाता है, एक कुत्ते ने इसे हंसते-खेलते हासिल कर लिया है. आप इसे डॉग की किस्मत कहिए या फिर और कुछ, वो न सिर्फ एक बेहतरीन लाइफ जी रहा है, बल्कि उसे पसंद करने वालों की भी कमी नहीं है. उसकी आलीशान ज़िंदगी के बारे में सुनकर ही आप हैरान हो जाएंगे.
सोशल मीडिया पर जितने फॉलोअर्स पाने के लिए लोग क्या-कुछ करते हैं लेकिन एक छोटा सा डॉग अपनी क्यूटनेस फॉलोअर्स बटोर रहा है. उसकी लाइफस्टाइल देखकर किसी को भी जलन होने लगेगी. डॉग विदेशों में घूमता है और वहां भी कोई ऐसी-वैसी जगहों पर नहीं, अपनी मालकिन के साथ फाइव स्टार लग्ज़री प्रॉपर्टी में ठहरने का लुत्फ उठाता है.
बाओ की किस्मत है बड़ी तेज़ …
कनाडा के टोरंटो में रहने वाला बाओ नाम एक डॉग सोशल मीडिया पर स्टार से कम नहीं है. तीन साल का चिनहुआहुआ ब्रीड का ये डॉग न सिर्फ अपनी मालकिन के साथ विदेशों की यात्राएं करता है, बल्कि लग्ज़री फाइव स्टार होटल्स में ठहरता भी है. उसके पास 2 लाख रुपये से ज्यादा की अपनी वॉर्डरोब है और उसे सज-संवरकर फोटो खिंचाने का भी शौक है. इंस्टाग्राम पर मौजूद उसके फॉलोअर डॉग की स्टाइल और फैशन के दीवाने हैं और उसे खूब पसंद करते हैं.
फैशन में बड़े-बड़े हो जाएंगे फेल
बाओ की मालकिन Xa Thi Ngoc Tran हैं, जिन्होंने महामारी काल में उसे गोद लिया था. वो उसे अपने बच्चे की तरह मानती हैं और उसे लेकर फ्रांस, मैक्सिको, अलबार्टा जैसी जगहों पर जा चुकी हैं. बाओ की वॉर्डरोब में कुल 75 कपड़े हैं, जिसमें ब्रांडेड स्कार्फ, जैकेट, टर्टलनेक स्वेटर्स और शर्ट्स भी हैं. इनमें से तमाम कपड़े उसकी मालकिन से मैचिंग होते हैं, जो वे आउटिंग के वक्त पहनते हैं. ट्रान ने बाओ के लिए जब इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया तो उसे लोगों ने इतना पसंद किया कि 1 लाख 66 हज़ार से ज्यादा फॉलोअर्स उसके हो चुके हैं. इसके अलावा फेसबुक पर भी बाओ का पेज है.





