कोरोना से 24 घंटे में छह लोगों की मौत, 290 मामले किए गए दर्ज

भारत में कोविड के 290 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि एक्टिव केसों की संख्या 2,059 दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे की अवधि में कोविड से 6 मौतें हुई हैं जिसमें केरल से चार और महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से एक-एक है।

5 दिसंबर, 2023 तक दैनिक मामलों की संख्या घटी थी, लेकिन एक नए वैरिएंट के आने और ठंड के मौसम की स्थिति के बाद वे फिर से मामले बढ़ने लगे। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि 31 दिसंबर, 2023 को एक दिन में 841 नए मामले सामने आए, जो मई 2021 में रिपोर्ट किए गए चरम मामलों का 0.2 प्रतिशत है।

होम आइसोलेशन में ही ठीक हुए मरीज
कुल एक्टिव केसों में से अधिकांश (लगभग 92 प्रतिशत) होम आइसोलेशन के तहत ठीक हो रहे हैं। सूत्रों ने कहा, ‘वर्तमान में उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि जेएन.1 वैरिएंट न तो नए मामलों में तेजी से वृद्धि कर रहा है और न ही अस्पताल में भर्ती होने और मृत्यु दर में वृद्धि कर रहा है।’

भारत ने COVID-19 की तीन लहरें देखी हैं, अप्रैल-जून 2021 के दौरान डेल्टा लहर में दैनिक नए मामलों और मौतों की चरम घटनाएं दर्ज की गईं। 7 मई, 2021 को 4,14,188 नए मामले और 3,915 मौतें दर्ज की गईं थी।

राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 प्रतिशत
2020 की शुरुआत में महामारी शुरू होने के बाद से 4.5 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं और संक्रमण के कारण देश भर में 5.3 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 4.4 करोड़ से अधिक है, जिसकी राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 प्रतिशत है। वेबसाइट के मुताबिक, देश में अब तक कोविड टीकों की 220.67 करोड़ खुराकें लगाई जा चुकी हैं।

Back to top button