उतरौला-गौरा में कीर्तिवर्धन और मेहनौन, गोंडा-मनकापुर में श्रेया पीछे

गोंडा संसदीय सीट के उतरौला व गौरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह पीछे रह गए। इसके अलावा मेहनौन, गोंडा और मनकापुर में सपा प्रत्याशी श्रेया वर्मा को हार मिली है। चुनाव परिणाम में विधायकों का रिपोर्ट कार्ड छिपा है। गोंडा लोकसभा में विधायकों का कोई खास जादू नहीं चल सका है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह को निकटतम प्रतिद्वंदी सपा उम्मीदवार श्रेया वर्मा से करारी टक्कर मिली है।

गोंडा लोकसभा की पांच विधानसभा बलरामपुर जिले का उतरौला, गोंडा जिले की गौरा, मनकापुर, मेहनौन और गोंडा सदर पर भाजपा का कब्जा है। उतरौला से रामप्रताप वर्मा, गौरा से प्रभात वर्मा के अलावा मेहनौन से विनय द्विवेदी, मनकापुर से रमापति शास्त्री और गोंडा सदर से प्रतीक भूषण सिंह विधायक हैं। यहां तीसरी बार सांसद कीर्तिवर्धन सिंह को ही भाजपा ने प्रत्याशी बनाया। माना जा रहा था कि भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह आसानी से एक बड़े अंतर से चुनाव में परचम फहरा लेंगे। मगर सपा से पूर्व सांसद बेनी प्रसाद वर्मा की पौत्री श्रेया वर्मा को चुनाव मैदान में उतार दिया। इसके बाद सीट पर मुकाबला रोचक हो गया। बाराबंकी से ताल्लुक रखने वाली श्रेया वर्मा ने कीर्तिवर्धन सिंह को उनके ही घर में कड़ी टक्कर दी।

आलम यह रहा कि उन्हें उतरौला में 7,185 और गौरा में 2,273 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, मनकापुर, मेहनौन और गोंडा विधानसभा सीट में कीर्तिवर्धन सिंह का दम दिखाई दिया। इसके बाद लगातार दो बार के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह 46224 वोटों से पराजित कर जीत की हैट्रिक लगाने में कामयाब हो गये। माना जा रहा है कि श्रेया के आगे विधायकों का कोई खास जादू नहीं चल सका। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी व संगठन की बदौलत जीत हासिल हो सकी है।

मनकापुर से मिली 36528 वोटों की लीड
भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह को मनकापुर विधानसभा क्षेत्र से ही 36528 वोटों की सबसे बड़ी लीड मिल सकी है। इसके बाद मेहनौन से 10,754 और गोंडा सदर से 8504 वोटों की लीड मिली है। कुल मिलाकर मनकापुर ने ऐन वक्त में जीत की राह आसान किया है। मगर उतरौला व गौरा के मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशी व विधायक को मायूस किया।

उतरौला और गौरा में मार्जिन नहीं दिला पाए विधायक
भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह को उतरौला व गौरा विधायक जीत के लिए मार्जिन नहीं दिला पाए। जबकि सपा प्रत्याशी श्रेया वर्मा पहली बार चुनाव मैदान में थीं। लगातार गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन के क्षेत्र से बाहर रहने का मुद्दा जोर शोर से उठाया। साथ ही मतदाताओं को अपने पक्ष में मोड़ने की भरसक कोशिशें कीं। वहीं भाजपा प्रत्याशी को दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मायूसी हाथ लगी।

इवीएम से वोटों की गिनती में मिली टक्कर
विधानसभा क्षेत्र – कीर्तिवर्धन सिंह – श्रेया वर्मा – अंतर
मनकापुर —- 104279—- 67751—- 36528
मेहनौन —- 106112—- 95358—- 10,754
गोंडा सदर —- 94201—- 85697—- 8504
उतरौला —- 89018—- 96203—- 7185
गौरा —- 80081—- 82354—- 2273

Back to top button