Shraddha Kapoor को फिल्म में कास्ट करने के लिए डायरेक्टर को मिलीं गालियां

‘आशिकी 2’ ने श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) को बॉलीवुड में चमका दिया था। उनकी अदाकारी और मासूमियत की खूब तारीफ हुई। इसके बाद वह एक विलेन और हाफ गर्लफ्रेंड जैसी फिल्मों में नजर आईं। मगर एंटी-हीरोइन के कैरेक्टर में पहली बार श्रद्धा को देख हर कोई हैरान रह गया था।
एंटी-हीरोइन वाली यह फिल्म थी अपूर्व लखिया की ‘हसीना पारकर’ (Haseena Parkar)। पहली बार श्रद्धा को गैंगस्टर की भूमिका में देखा गया था। यह उनके करियर क्राफ्ट के लिए अच्छा था लेकिन शायद ही आपको मालूम हो कि इसके लिए डायरेक्टर को गालियां पड़ी थीं।
श्रद्धा कपूर को कास्ट करना डायरेक्टर को पड़ा भारी
‘हसीना पारकर’ का निर्देशन करने वाले अपूर्व लखिया ने एक हालिया इंटरव्यू में बताया कि पहले उन्हें दाऊद इब्राहिम पर फिल्म बनाने का ऑफर मिला था, लेकिन इस पर काफी कुछ पहले ही बन चुका था। इसके बाद उन्हें हसीना पारकर और उनके परिवार से मिलने के लिए कहा और इस तरह हसीना पारकर की बायोपिक बनी।
मगर जब श्रद्धा को फिल्म में कास्ट किया गया तो शॉकिंग रिएक्शन मिले। रेडिफ के साथ बातचीत में अपूर्व ने कहा-
जब मैंने उन्हें कास्ट किया तो सभी ने मुझे गालियां दीं। जब पहला लुक सामने आया तो सभी ने कहा जीनियस।
ये हीरोइन थीं हसीना पारकर के लिए पहली पसंद
अपूर्व लखिया ने यह भी खुलासा किया कि श्रद्धा कपूर ‘हसीना पारकर’ के रोल के लिए पहली पसंद नहीं थीं। सोनाक्षी सिन्हा को पहले कास्ट किया गया था। उन्होंने इस बारे में बताया-
सोनाक्षी सिन्हा वास्तव में हसीना की भूमिका में फिट बैठती हैं। जब हमने उनके साथ शूटिंग शुरू की तो हमने पहले उनके यंगर वर्जन को निभाने के लिए एक और हीरोइन को कास्ट किया लेकिन फिर तारीखें तय नहीं हुईं। हमने तय किया कि इंतजार करने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि स्क्रिप्ट अच्छी थी और हम फिल्म बनाना चाहते थे। तभी मैंने श्रद्धा से कॉन्टैक्ट किया।
‘हसीना पारकर’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी, लेकिन श्रद्धा कपूर को उनकी परफॉर्मेंस के लिए खूब सराहा गया था। अपूर्व लखिया जल्द ही सलमान खान के साथ बैटल ऑफ गलवान ला रहे हैं जो 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।





