सेंसेक्स पहली बार 80 हजार के पार

शेयर बाजार ने आज यानी 3 जुलाई को लगातार दूसरे दिन ऑल टाइम हाई बनाया है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 80,074 और निफ्टी ने 24,307 का लेवल छुआ। अभी सेंसेक्स 500 अंक की तेजी के साथ 80,000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 150 अंक से ज्यादा की तेजी है। ये 24,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में तेजी और 5 में गिरावट देखने को मिल रही है। बैंकिंग, मेटल और ऑटो शेयर्स में ज्यादा तेजी है। HDFC बैंक के शेयर में 3% की तेजी है। वहीं IT और एनर्जी शेयर्स में गिरावट देखने को मिल रही है। इससे पहले कल यानी 2 जुलाई को भी बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था।

7 महीने में 70 हजार से 80 हजार पर पहुंचा सेंसेक्स
सेंसेक्स को 70 हजार से 80 हजार तक पहुंचने में 7 महीने लगे हैं। 11 दिसंबर 2023 को सेंसेक्स 70 हजार पर था, जो अब, यानी 3 जुलाई को 80 हजार पर पहुंच गया है। वहीं, सेंसेक्स 60 हजार से 70 हजार पर पहुंचने में 2 साल से ज्यादा लगे थे। इस साल इस साल अब तक सेंसेक्स में 10% और बीते 1 साल में 22% की तेजी देखने को मिली है।

आज एशियाई बाजारों में बढ़त
एशियाई बाजारों में बढ़त देखने को मिल रही है। जापान के निक्‍केई में 0.88% की तेजी है। ताइवान वेटेड में 1.02% और कोरिया के कोस्‍पी में 0.30% की तेजी है। हैंगसेंग 0.72% ऊपर कारोबार कर रहा है। हालांकि, शंघाई कंपोजिट में 0.42% की गिरावट देखने को मिल रही है।
मंगलवार को अमेरिकी बाजार में बढ़त रही। डाओ जोंस 162 (0.41%) अंक चढ़कर 39,331 पर बंद हुआ। NASDAQ 149.46 (0.84%) अंकों की बढ़त के साथ 18,028 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्‍स 33 (0.62%) अंक चढ़कर 5,509 पर बंद हुआ।
फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FIIs) ने मंगलवार यानी 2 जुलाई को 2,000.12 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) ने 648.25 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

कल बाजार ने बनाया था ऑल टाइम हाई
इससे पहले कल, यानी 2 जुलाई को, शेयर बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 79,855 और निफ्टी ने 24,236 का लेवल छुआ। हालांकि, इसके बाद बाजार में गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 34 अंक की गिरावट के साथ 79,441 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 18 अंक की गिरावट रही। ये 24,123 के स्तर पर बंद हुआ था।

Back to top button