सेंसेक्स 996 अंक चढ़कर 80893 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा

सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा चढ़कर 80,893 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया है। निफ्टी भी 270 अंक ऊपर है, यह 24,592 के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया। हालांकि, अभी बाजार रिकॉर्ड हाई से थोड़ा नीचे आया है। सेंसेक्स 700 अंक और निफ्टी 200 अंक ऊपर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में तेजी और 5 में गिरावट है। TCS के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद आज IT इंडेक्स करीब 4% चढ़ा है। TCS का शेयर करीब 4% चढ़कर 4080 रुपए से ऊपर कारोबार कर रहा है। इंफोसिस, टेक महिंद्रा और HCL टेक भी करीब 3 फीसदी ऊपर हैं।
गिरावट में बंद हुए अमेरिकी बाजार
अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट में बंद हुए। नैस्डैक 1.95% गिरकर 18,283.41 अंक पर पहुंच गया, जबकि डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.08% बढ़कर 39,753.75 अंक पर बंद हुआ। S&P 500 में भी 0.88% की गिरावट रही। यह 5,584 के स्तर पर बंद हुआ।
FIIs की बिकवाली, DIIs ने खरीदारी की
गुरुवार को डोमेस्टिक इन्वेस्टर्स (DIIs) ने खरीदारी की, जबकि फॉरेन इन्वेस्टर्स (FIIs) ने बिकवाली। NSE के प्रोविजनल डेटा के अनुसार DIIs ने 1,676.47 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इस दौरान FIIs ने 1,137.01 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
गुरुवार को बाजार फ्लैट बंद हुआ था
शेयर बाजार में 11 जुलाई को फ्लैट कारोबार देखने को मिला था। सेंसेक्स 27 अंक की गिरावट के साथ 79,897 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 8 अंक की गिरावट रही, ये 24,315 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में तेजी और 14 में गिरावट देखने को मिली।