सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए वायु सेना के दो विमान भेजे…

वायु सेना के दो सी-130 विमान और नौसेना का आईएनएस सुमेधा जहाज सूडान के गृह युद्ध में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सऊदी अरब और सूडान पहुंच चुके हैं। वायु सेना के जहाज सऊदी अरब के जेद्दा में तैनात हैं, जबकि आईएनएस सुमेधा सूडान बंदरगाह पहुंच गया है। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके यह जानकारी दी।

विदेशी विमानों के लिए बंद है सूडान का हवाई क्षेत्र

मंत्रालय ने बताया कि सूडान में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वायु और जल मार्ग दोनों विकल्प उपलब्ध करवाए गए हैंहालांकि जमीनी आवाजाही सुरक्षा स्थिति पर निर्भर है। फिलहाल वायु सेना के दो C-130J विमान सऊदी अरब के जेद्दा में स्टैंडबाय पर तैनात हैं और आईएनएस सुमेधा सूडान पोर्ट पहुंच गया है। सूडान का हवाई क्षेत्र वर्तमान में सभी विदेशी विमानों के लिए बंद है।

सुरक्षित आवाजाही और जोखिम से बचने की सलाह

मंत्रालय ने आगे कहा कि भारत सुरक्षा स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। सूडान में भारतीय दूतावास यहां फंसे भारतीयों के नियमित संपर्क में है। मंत्रालय द्वारा लोगों को सुरक्षित रूप से आवाजाही करने और अनावश्यक जोखिम से बचने की सलाह दी गई है। सूडानी अधिकारियों के अलावा, विदेश मंत्रालय संयुक्त राष्ट्र, सऊदी अरब, यूएई, मिस्र और अमेरिका से भी नियमित संपर्क में हैं। इस बीच, सऊदी अरब द्वारा निकाले गए 66 लोगों में कुछ भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

विफल रहा संघर्ष विराम, ईद में भी जारी रही लड़ाई

बता दें कि सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच लड़ाई के कारण सूडान हिंसा से गुजर रहा है। खार्तूम में विभिन्न स्थानों पर भीषण लड़ाई के समाचार मिल रहे हैं और यहां हालात अस्थिर हैं। उधर, सीएनएन ने जानकारी दी है कि दोनों प्रतिद्वंद्वी सैन्य गुटों सूडानी सशस्त्र बल और रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच ईद पर घोषित संघर्ष विराम के बावजूद सूडान में लड़ाई जारी है।

Back to top button