अकोला में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के बाद धारा 144 लागू..

महाराष्ट्र के अकोला में मामूली विवाद के चलते हुए हिंसक घटना के बाद ओल्ड सिटी पुलिस स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हिंसक भीड़ ने इलाके में कुछ वाहनों को भी निशाना बनाया।

 महाराष्ट्र के अकोला में शनिवार की शाम मामूली विवाद ने दो गुटों के बीच हिंसक रूप ले लिया। यह मामला अकोला के ओल्ड सिटी थाना क्षेत्र का है।

बकौल एजेंसी, एक वीडियो में कथिततौर पर दो गुटों को एक-दूसरे पर पथराव करते हुए और सड़कों पर हंगामा करते हुए दिखाया गया है। इस दौरान कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

अकोला में धारा 144 लागू

इस घटनाक्रम के मद्देनजर प्रशासन ने सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी। अकोला कलेक्टर नीमा अरोड़ा ने कहा कि हिंसक झड़पों के बाद शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, हिंसक भीड़ ने कुछ वाहनों को क्षतिग्रस्त किया है।

ओल्ड सिटी पुलिस स्टेशन पर उमड़ी भीड़

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मामूली विवाद के चलते हुए हिंसक घटना के बाद ओल्ड सिटी पुलिस स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हिंसक भीड़ ने इलाके में कुछ वाहनों को निशाना बनाया। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग करना शुरू कर दिया है।

अकोला एसपी संदीप घुगे ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर के आदेश पर अकोला शहर में धारा 144 निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। बता दें कि अकोला में इस तरह की यह दूसरी घटना है। कुछ दिन पहले अकोट फाइल इलाके के शंकर नगर मुहल्ले में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।

Back to top button