Sanju Samson ने IPL 2026 से पहले किया बड़ा खुलासा

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन आगामी आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। संजू को आईपीएल 2026 नीलामी से पहले सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया था। सैमसन ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के बारे में बड़ा खुलासा किया।
बता दें कि संजू सैमसन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2013 में राजस्थान रॉयल्स के साथ की। उन्होंने 11 सीजन रॉयल्स के साथ बिताए। 2018 से 2025 तक यानी आठ साल वो टीम का नियमित हिस्सा रहे। इस साल संजू रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए नजर आएंगे।
भावनाएं नहीं होंगी हावी
संजू सैमसन का मानना है कि राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी के साथ उनका समय पूरा हो चुका है और जब वो उनके खिलाफ मैच खेलेंगे तो भावनाएं हावी नहीं होने देंगे।
संजू सैमसन ने पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘यह पहली बार होगा जब मैं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलूंगा। मगर मुझे नहीं लगता कि मैदान में मुझ पर भावनाएं हावी होंगी। मैंने राजस्थान रॉयल्स छोड़ी क्योंकि मुझे लगा कि समय पूरा हो चुका है। अब जब उनके खिलाफ खेलूंगा तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा।’
सीएसके का पहला मैच
बता दें कि चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी। जहां राजस्थान रॉयल्स से सीएसके से ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को ट्रेड किया तो वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स ने आरआर से सैमसन को ट्रेड किया। ऐसे में जब दोनों टीमों के बीच पहली भिड़ंत होगी तो मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
शानदार फॉर्म में संजू
वैसे, सीएसके के फैंस इस समय बेहद खुश हैं क्योंकि संजू सैमसन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। हाल ही में संपन्न टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन ने भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे। उन्होंने पांच मैचों में 80.25 की औसत और 199.37 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। संजू ने वर्चुअल क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में मैच विजयी अर्धशतक जमाए।
सीएसके की रिकॉर्ड पर नजरें
याद दिला दें कि संजू सैमसन की कोशिश चेन्नई सुपरकिंग्स को रिकॉर्ड छठी बार चैंपियन बनाने की होगी। सीएसके के लिए पिछला सीजन बेहद निराशाजनक बीता था, जहां वो अंतिम स्थान पर रही थी। सैमसन शानदार फॉर्म में हैं और धोनी की मौजूदगी में येलो ब्रिगेड की कोशिश आईपीएल खिताब जीतने की होगी।





