महाकुंभ में संगम स्नान, वो भी बिल्कुल सस्ता, शख्स के आइडिया पर लोग बोले- 11 सौ में ही धुल जाएगा पाप!

प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में देश के अलग-अलग कोने से लोग नहाने के लिए पहुंच रहे हैं. आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक 54 करोड़ से ज्यादा लोग महाकुंभ के इस पावन अवसर पर स्नान कर चुके हैं. बचे हुए बाकी लोगों की चाहत भी संगम में नहाने की है. लेकिन वहां पर उमड़ रही भारी भीड़ के कारण संगम घाट तक पहुंच पाना मुश्किल है. ऐसे में कई लोग प्रयागराज जाने से भी डर रहे हैं. लेकिन सोशल मीडिया के इस दौर में लोग ऐसे-ऐसे आइडिया लेकर सामने आते हैं, जिससे राहें आसान हो जाती हैं. वायरल हो रहे इस वीडियो में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिलेगा. एक शख्स मात्र 11 सौ रुपए में लोगों को महाकुंभ में संगम स्नान करा रहा है. इतना सस्ता कि आपको भी हैरानी होगी.

अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर ये कैसे संभव है? इसके लिए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखना होगा. इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को गर्विता शर्मा (Garvita Sharma) ने शेयर किया है. वो इस वीडियो में एक ऐसे स्टार्टअप के बारे में बता रही हैं, जो लोगों को संगम में स्नान करवा रहा है. लेकिन तरीका अलग है और सस्ता भी. गर्विता वीडियो में बतला रही हैं कि कई लोग मुझसे पूछ रहे हैं कि वहां पर काफी भीड़ है. हमारे पेरेंट्स नहीं आ पा रहे हैं, हमारे ब़ड़े-बुजुर्ग नहीं आ पा रहे हैं. लोग भीड़ की वजह से डर रहे हैं. चूकि हादसा संगम स्नान के दौरान हो चुका है. गर्विता आगे कहती हैं कि ऐसे लोगों को मैं बताना चाहूंगी कि एक ऐसे इंसान मुझे मिले हैं, जिन्होंने अपने स्टार्टअप के बारे में बताया.

गर्विता ने वीडियो में आगे कहा कि जो लोग संगम स्नान के लिए नहीं आ पा रहे हैं, वो लोग उनसे संपर्क कर सकते हैं. उन्हें आप अपनी एक डिजिटल फोटो भेज सकते हैं. वो आपको डिजिटल स्नान कराएंगे. गर्विता बकायदा उस शख्स से भी मिलवाती हैं, जिसका नाम दीपक गौर है. वीडियो में दीपक कहते हैं कि महाकुंभ में संगम पर मैं डिजिटल फोटो स्नान करवाता हूं. आपको बस वॉट्सऐप से अभी फोटो भेज देना है. इसके बाद मैं उसकी फिजिकल प्रिंटआउट लूंगा और यहां पर मैं संगम स्नान कराउंगा. मैं यहां रोजाना आता हूं. वीडियो में दीपक आगे दिखाते हैं कि कैसे फोटो को गंगा जी में डुबोकर स्नान करवा रहे हैं. वो बताते हैं कि मेरा स्टार्टअप प्रयाग संगम एंटरप्राइजेज, जिसके तहत ये किया जा रहा है. फीस मात्र 11 सौ रुपए.

Back to top button