चारों तरफ छाया ओखी का खौफ, योगी-शाह के बाद राहुल गांधी की भी रैलियां रद्द

चक्रवाती तूफान ओखी का कहर जारी है यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैलियां रद्द होने के बाद अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की भी गुजरात में तीन रैलियां रद्द हो गईं है। राहुल की यह धुआंधार रैलियां सुरेंद्र नगर, मोरबी, ध्रांगधरा में होनी थी।
चारों तरफ छाया ओखी का खौफ, योगी-शाह के बाद राहुल गांधी की भी रैलियां रद्द बता दें कि तूफान ओखी सूरत के निकट दक्षिण तट और महाराष्ट्र के करीब पहुंच गया है। मौसम केंद्र की तरफ से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि चक्रवाती तूफान ओखी सूरत से सिर्फ 390 किलोमीटर दूर है। मौसम विभाग के अधिकारी का कहना है कि इसके लगातार उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ने व धीरे-धीरे कमजोर होने की उम्मीद है। 

इस तरह यह दक्षिण गुजरात और महाराष्ट्र के तटवर्ती क्षेत्र को 5 दिसंबर की रात को पार कर जाएगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जब तूफान गुजरात तट पर पहुंचेगा तब हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा होगी जिसके दक्षिण गुजरात में 70 किलोमीटर प्रति घंटा पहुंचने की उम्मीद है। 

गुजरात राजस्व विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने बताया कि राज्य के कम से कम नौ जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। दक्षिण गुजरात के धर्मपुर शहर में सबसे अधिक 25 एमएम बारिश हुई है। 
गुजरात के मुख्य सचिव जेएन सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये सभी तटीय जिलों के कलेक्टर से बातचीत कर स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों का जायजा लिया। गौरतलब है कि इससे पहले ओखी तूफान तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में तबाही मचा चुका है। 

वहां इस तूफान ने काफी नुकसान किया, इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग भी उठी थी जिसे माना नहीं गया। ओखी की वजह से केरल और तमिलनाडु में 22 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसकी वजह से लक्षद्वीप में भूस्खलन भी हुआ था। मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु के मछुआरों को पहले ही चेतावनी दी थी कि वह समुद्र से दूर रहें।

Back to top button